​​​​​​​तिरुमला ब्रह्मोत्सवम में 7 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया

Wednesday, Oct 09, 2019 - 09:03 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
तिरुपति: आंध्र प्रदेश के तिरुमला पर्वत के शिखर पर स्थित मंदिर में मंगलवार को 7 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने 9 दिवसीय वार्षिक त्यौहार श्रीवारी सलाकाटला ब्रह्मोत्सवम के दौरान भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन किए। तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टी.टी.डी.) के अधिकारियों ने कहा कि इस साल पिछले साल के मुकाबले 20 प्रतिशत अधिक श्रद्धालु आए। टी.टी.डी. के कार्यकारी अधिकारी (ई.ओ.) अनिल कुमार सिंघल ने मीडिया को बताया कि टी.टी.डी. ने इस साल 31 लाख लड्डू बेचे हैं। वहीं बीते साल त्यौहार के दौरान करीब 24 लाख लड्डू बेचे गए थे। 

ब्रह्मोत्सवम के आख़िरी दिन पुजारियों ने चक्र स्नानम का आयोजन किया। इस दौरान देवता की मूर्तियों की विशेष पूजा की गई, जिसके बाद उन्हें मंदिर में स्थित एक तालाब स्वामी पुष्करिणी के जल में स्नान करवाया गया।

इस त्यौहार की शुरूआत 30 सितम्बर से ध्वजारोहण से हुई थी। इसमें मंदिर के शिखर पर भगवान गरुण की तस्वीर वाले झंडे को फहराया जाता है। परम्परा के अनुसार आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रैड्डी ने देवता को एक जोड़ी सिल्क के वस्त्र चढ़ाए। इस त्यौहार का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा गरुण सेवा था जो 4 अक्टूबर को मनाया गया। इस दिन करीब 85 हजार लोगों ने देवता के दर्शन किए। 

Jyoti

Advertising