हकीकत या फसाना: घर में मनी प्लांट को चुराकर लगाने से होती है धन वर्षा !

Wednesday, Mar 13, 2024 - 07:49 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
 
Money plant: वास्‍तु शास्‍त्र में पेड़-पौधों को बहुत महत्व दिया गया है। वास्तु में कुछ ऐसे पौधे बताए गए हैं, जिन्हें घर में लगाना शुभ माना जाता है।यदि वास्‍तु में बताए गए इन प्लांट टिप्स को फॉलो किया जाए तो लाभ भी प्राप्त होता है। ये पेड़-पौधे जीवन में सकारात्मक, धन-दौलत, सफलता, सुख, शांति सब कुछ देते हैं। मनी प्‍लांट को लेकर भी वास्‍तु शास्‍त्र में कुछ नियम बताए गए हैं जैसे कि नाम से ही जाहिर है मनी प्‍लांट धन देने वाला पौधा है। मनी प्‍लांट धन आकर्षित करता है इसलिए इसे लोग अपने घर में लगाते हैं। तो वहीं कुछ लोगों का ये भी मानना है कि मनी प्लांट चुराकर लाने से घर में धन की वर्षा होने लगती है। मनी प्लांट को चुराकर घर लगाने के पीछे का सच और मनी प्लांट से जुड़ी और भी कई बातें, तो आईए जानते हैं-



सबसे पहले आपको बता दें, मनी प्लांट को चुराकर लगाना चाहिए या नहीं। लोगों में यह आम धारणा प्रचलित है कि मनी प्लांट चुराकर लगाने से ही लाभ मिलता है यानी कि घर में धन आता है। जबकि वास्तु शास्त्र के अनुसार ऐसा बिल्कुल गलत है बल्कि मनी प्लांट को चोरी करना धन की देवी मां लक्ष्‍मी को नाराज कर देता है इसलिए कभी भी मनी प्लांट चोरी करने की गलती न करें। वरना फायदे की जगह अपना नुकसान करवा लेंगे। ऐसे में मनी प्‍लांट हमेशा खरीदकर ही अपने घर में लगाना चाहिए, तभी व्यक्ति को इसका पूर्ण लाभ देखने को मिल सकता है।

बता दें अपने घर में लगे हुए मनी प्लांट को कभी भी किसी दूसरे को नहीं देना चाहिए, वरना ऐसा करने से आपके घर से बरकत भी जा सकती है। साथ ही इस बात का भी ध्यान रखें आपका मनी प्लांट कभी भी जमीन को स्पर्श न करे। इसे नुकसानदायक माना जाता है।


मनी प्लांट को रखने के लिए एक सही दिशा का वर्णन किया गया है। वास्तु के अनुसार इसे घर की उत्तर-पूर्व दिशा में नहीं लगाना चाहिए। ऐसा करने से आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ता है। वास्तु के अनुसार, मनी प्लांट को हमेशा घर की दक्षिण-पूर्व दिशा में लगाना शुभ माना जाता है। ये भी ध्यान रखें मनी प्लांट को घर के अंदर लगाने से घर में सुख-समृद्धि और धन आगमन बढ़ जाता है। ऐसे में इसे कभी भी घर के बाहर न लगाएं।

ज्योतिष के अनुसार मनी प्लांट का संबंध शुक्र ग्रह से माना जाता है। यदि किसी व्यक्ति की कुंडली में शुक्र ग्रह कमजोर है तो उसे अपने घर के आग्नेय दिशा में मनी प्लांट लगाना चाहिए।  
 

Niyati Bhandari

Advertising