Mata Mansa Devi: मुख्यमंत्री ने माता मनसा देवी के दरबार में माथा टेका

Monday, Mar 18, 2024 - 08:55 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

पंचकूला (मुकेश): हरियाणा के मुख्यमंत्री बनने के बाद नायब सैनी पंचकूला में माता मनसा देवी के दर्शन के लिए पहुंचे। मुख्यमंत्री सैनी ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और प्रदेशवासियों के उज्जवल भविष्य, स्वस्थ जीवन और प्रदेश की उन्नति की कामना की है। 

मुख्यमंत्री ने विकसित भारत और विकसित हरियाणा के निर्माण के लिए इस लोकतंत्र के पर्व में हरियाणा की जनता से ज्यादा से ज्यादा अपनी भागीदारी सुनिश्चित  करने तथा इस महापर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील भी की। माता मनसा देवी के दर्शनों के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को आतंकवाद मुक्त किया है। भारत को विकास की गति पर आगे बढ़ाने का काम मोदी सरकार ने किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत की नींव रखने का काम किया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का विकास तीव्र गति से हो रहा है। पिछले दस वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकास का एक नया अध्याय लिखा गया है। नायब सैनी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश का गौरव और सम्मान बढ़ा है। दस वर्षों में योजनाबद्ध तरीके से गरीब व्यक्ति को समाज की मुख्यधारा से जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सोच भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2019 के चुनाव में हरियाणा ने 10 की दस लोकसभा सीटें जीतकर मोदी जी के पास भेजी थी। अब फिर से और बढ़े हुए मार्जिन के साथ दसों सीटें जीतकर फिर से मोदी सरकार बनाने का काम करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि मिलकर लड़ने के बाद भी घमंडिया गठबंधन अपनी योजनाओं में सफल नहीं हो पाएगा, क्योंकि जनता केवल प्रधानमंत्री मोदी के काम पर और उनके नाम पर विश्वास करती है। इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, पंचकूला जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, पूर्व विधायक लतिका शर्मा, प्रदेश मीडिया सह प्रमुख नवीन गर्ग, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा, माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड की सचिव शारदा प्रजापति व श्याम लाल बंसल भी उपस्थित रहे।

Niyati Bhandari

Advertising