Mars Transit in Libra: मंगल करेंगे मंगल, शुक्र की राशि में दिखाएंगे जलवा
punjabkesari.in Friday, Sep 12, 2025 - 07:06 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Mars Transit in Libra: ग्रहों के सेनापति मंगल 13 सितंबर से सिर्फ राशि परिवर्तन ही नहीं करेंगे बल्कि कई राशियों का भाग्य परिवर्तन भी करेंगे। शुक्र की तुला राशि में अब मंगल का डंका बजेगा और कई राशियों का नसीब भी बदल जाएगा क्योंकि मंगल जब मेहरबान होते हैं तो कई राशियों के जीवन में मंगल ही मंगल कर देते हैं। वैसे मंगल और शुक्र कोई आपस में मित्र ग्रह नहीं हैं लेकिन इसके बावजूद मंगल का शुक्र की तुला राशि में आना ज्योतिष में काफी हलचल मचाने वाला है।
13 सितंबर से मंगल के राशि परिवर्तन से कुछ राशियों का डंका बजने वाला है। खुशियों की बरसात तो इन राशियों पर होगी ही साथ ही समाज में स्टेटस बढ़ेगा। दुश्मन चारों खाने चित होंगे। कर्ज से मुक्ति का रास्ता भी निकलेगा। कोर्ट-कचहरी के मामले में आपको सफलता मिलेगी। पैतृक संपत्ति का लाभ मिलेगा और सबसे बड़ी बात यह है कि आपका कॉन्फिडेंस लेवल बुलंदी पर रहेगा।
मंगल इस समय कन्या राशि में गोचर कर रहे हैं और अपने ही चित्रा नक्षत्र में भी हैं। 13 सितंबर को पहले वह राशि परिवर्तन करेंगे और उसके 10 दिन बाद मंगल ग्रह नक्षत्र परिवर्तन करके राहु के स्वाति नक्षत्र में चले जाएंगे। अब राशि परिवर्तन और नक्षत्र परिवर्तन के बाद मंगल ग्रह की भूमिका तेजी से बदलेगी।
ज्योतिष में मंगल ग्रह को ऊर्जा, साहस, जोश, शौर्य, शक्ति, आत्मविश्वास, परिश्रम, भाई व भूमि का कारक ग्रह माना जाता है। यह ग्रह विशेष रूप से व्यक्ति की इच्छाशक्ति यानी विल पावर, आत्मरक्षा और संघर्ष क्षमता को प्रभावित करता है। यह हमारे भीतर ऊर्जा और साहस को उत्पन्न करता है। जिन लोगों की कुंडली में मंगल मजबूत होता है, वे साहसी, जोशीले और किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार होते हैं।
ज्योतिष में मंगल को भूमि और संपत्ति का कारक भी माना गया है। जिनकी कुंडली में मंगल अच्छा होता है, वे जमीन-जायदाद के मामलों में सफलता प्राप्त करते हैं।
अब मंगल राशि परिवर्तन करने के साथ-साथ कुछ दिनों बाद नक्षत्र परिवर्तन कर रहे हैं तो कुछ राशियों का सितारा चमकने वाला है। आप यह भी कह सकते हैं कि कुछ राशियों का डंका बजेगा। ऐसी कौन सी भाग्यशाली राशियां हैं, मंगल को कैसे प्रसन्न किया जा सकता है, जानते हैं-
मंगल राशि और नक्षत्र परिवर्तन करके जिन राशियों पर कृपा बरसाने वाले हैं, उनमें पहले भाग्यशाली राशि मेष राशि है जो मंगल की अपनी राशि है। मेष राशि वालों को भूमि, भवन का लाभ मिलेगा और प्रमोशन के योग बनेंगे। समाज में स्टेटस बढ़ेगा और कोर्ट-कचहरी के मामले में सफलता मिलेगी। घर में लग्जरी चीजों का आगमन हो सकता है। संतान की तरफ से भी कोई अच्छी खबर सुनने को मिलेगी। अटके हुए काम बनते चले जाएंगे और किस्मत मेहरबान रहेगी।
दूसरी भाग्यशाली राशि मिथुन राशि है। मिथुन राशि वाले अगर रियल स्टेट से संबंध रखते हैं तो शानदार कामयाबी के योग बनेंगे। मिथुन राशि वालों को संतान से जुड़ी कोई खुशखबरी मिलेगी और करियर में तरक्की होगी। जीवन में सुख-समृद्धि का आगमन होगा और नया वाहन खरीदने का योग भी बनेगा।
तीसरी भाग्यशाली राशि सिंह राशि है, जो मंगल की मित्र राशि है। सिंह राशि वालों के कई अटके हुए काम बनते चले जाएंगे। विदेश जाने की कोई फाइल लगाई है तो अच्छी खबर सुनने को मिलेगी। इनकम के नए साधन बनेंगे। सितारा बुलंद रहेगा और विरोधी आपके आगे टिक नहीं पाएंगे। कन्या राशि वाले खुद को बहुत ऊर्जावान महसूस करेंगे और स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा। आप आसानी से अपने गोल अचीव करेंगे।
चौथी भाग्यशाली राशि तुला राशि है, जिसमें अब मंगल का गोचर होगा। मंगल अब राशि और नक्षत्र परिवर्तन करके तुला राशि वालों को शानदार सफलता देने वाले हैं और आपके प्रभाव में भी वृद्धि होगी। रोमांस के मौके मिलेंगे। पर्सनल तथा प्रोफेशनल लाइफ बेहतर होती चली जाएगी। विदेश से कोई अच्छी खबर सुनने को मिलेगी। इन्वेस्टमेंट से लाभ होगा और विद्यार्थियों के लिए समय शुभ रहेगा। विदेश जाकर पढ़ाई करने का सपना पूरा हो सकता है।
पांचवीं भाग्यशाली राशि मीन राशि है। मीन राशि पर हालांकि शनि की साडेसाती भी चल रही है लेकिन मंगल का गोचर मीन राशि वाले लोगों की कई मुरादे पूरी करने वाला है और आपके रास्ते से कांटे हटते चले जाएंगे। देवगुरु बृहस्पति के साथ मंगल की मित्रता है इसलिए मंगल का गोचर मीन राशि वालों के लिए बहुत मंगलकारी रहने वाला है। मीन राशि वालों के घर में सुख-समृद्धि का आगमन होगा और प्रमोशन के योग बनेंगे। पैतृक संपत्ति का लाभ भी मिल सकता है। स्वास्थ्य बेहतर रहेगा और बुजुर्गों का पूरा आशीर्वाद बना रहेगा।
गुरमीत बेदी
9418033344