Mars Transit: अब मंगल देंगे बहुत बड़ी खुशखबरी, 6 राशियां चढ़ेंगी कामयाबी की सीढ़ियां

Friday, Aug 11, 2023 - 10:35 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Mars Transit 2023: कुछ राशियों के लिए बेहद अच्छी खबर है। मंगल ग्रह आपका मंगल करने वाले हैं। जीवन में खुशियां देने वाले हैं। मंगल की चाल कुछ राशियों के लिए वाकई कमाल दिखाने वाली है। मंगल ग्रह जब मेहरबान होते हैं तो व्यक्ति का सितारा बुलंद कर देते हैं। हमारे नवग्रहों में सेनापति का दर्जा प्राप्त मंगल ग्रह 18 अगस्त को दोपहर 3:14 पर बुध की कन्या राशि में गोचर करने जा रहे हैं। इस समय मंगल ग्रह सूर्य की सिंह राशि में गोचर कर रहे हैं। जहां पर वह पिछले महीने 1 जुलाई को आए थे और अब डेढ़ महीने बाद उनका कन्या राशि में गोचर होने जा रहा है। मंगल ग्रह आमतौर पर 45 दिन तक एक राशि में रहते हैं और 45 दिन के बाद राशि परिवर्तन करते हैं और जब भी उन का राशि परिवर्तन होता है तो सभी 12 राशियों में वह हलचल मचाते हैं। इस बार मंगल का राशि परिवर्तन कुछ राशियों को जिंदगी की सबसे बड़ी खुशियां और बंपर लाभ देने वाला है।

ज्योतिष में मंगल ग्रह को ऊर्जा, साहस, शौर्य, शक्ति, परिश्रम, भाई व भूमि का कारक ग्रह माना जाता है। वैदिक शास्त्रों में मंगल ग्रह को सबका कल्याण करने वाला देवता कहा गया है। मंगल ग्रह किसी भी व्यक्ति के स्वभाव और व्यवहार पर सीधा असर डालते हैं। कुंडली में मंगल शुभ स्थान पर विराजमान हों तो राजयोग दिलाते हैं। उस व्यक्ति में जोश और उत्साह का संचार करते हैं । उसका कॉन्फिडेंस लेवल बढ़ाते हैं। यानी मंगल अगर आप पर मेहरबान हो तो जीवन में हर ओर मंगल ही मंगल होता है लेकिन कमजोर या अशुभ मंगल जिंदगी मे अमंगल का विष घोल देता है। ऐसा व्यक्ति बहुत सारी परेशानियों में घिर जाता है।

वैसे तो मंगल ग्रह को ज्योतिष शास्त्र में एक क्रूर ग्रह माना गया है। लेकिन मंगल जब शुभ होते हैं तो व्यक्ति को साहसी और सेना, पुलिस जैसे क्षेत्रों में उच्च प्रदान करते हैं। वहीं जब अशुभ होते हैं तो व्यक्ति को क्रोधी बना देते हैं।

जब भी मंगल गोचर करते हैं तो कई राशियों का बेड़ा पार कर जाते हैं। अब अगस्त 2023 से मंगल का कन्या राशि में गोचर होगा तो  कुछ राशियों पर रह-रहकर वह अपनी कृपा बरसाएंगे, जिससे उन राशि वाले लोगों को हर काम में सफलता मिलती रहेगी। आइए जानते हैं कि वे भाग्यशाली राशियां कौन सी हैं-

पहली भाग्यशाली राशि मेष राशि है। इस बार मंगल कन्या राशि में छठे भाव में परिवर्तन कर रहे हैं और छठे भाव को रोग और शत्रु स्थान भी कहा जाता है। इसे कंपटीशन का भाव भी कहा जाता है। इसलिए मेष राशि वालों के लिए मंगल का गोचर बहुत ही लाभकारी साबित होगा। मेष राशि वाले अपने शत्रुओं पर विजय हासिल कर सकते हैं और मेष राशि वाले लोग अपने काम को लेकर विदेश की यात्रा कर सकते हैं।

दूसरी भाग्यशाली राशि वृषभ राशि है और वृषभ राशि वालों के लिए मंगल पांचवें भाव में गोचर करेंगे। जिससे विद्या बुद्धि और संतान भाग भी कहा जाता है इसलिए संतान पक्ष से कोई खुशखबरी मिल सकती है। इस दौरान आप अपने आप को स्वस्थ और ऊर्जावान महसूस करेंगे और कड़ी मेहनत से कोई नया मुकाम हासिल कर सकते हैं या अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। आपको कोई पुरस्कार भी मिल सकता है।

तीसरी भाग्यशाली राशि मिथुन राशि है और मिथुन राशि के लोगों को मंगल के परिवर्तन से काफी फायदा होने वाला है। कन्या राशि में गोचर करते हुए मंगल मिथुन राशि वालों के चौथे भाव में रहेंगे। जिसे माता और सुख संपत्ति का स्थान कहा जाता है इसलिए सुख-संपत्ति में इजाफा होगा। मिथुन राशि वाले नया घर खरीद सकते हैं। नया फ्लैट खरीद सकते हैं। नया वाहन खरीद सकते हैं।इसके साथ ही मंगल की सातवें, दसवें और ग्यारहवें भाव में दृष्टि पड़ेगी। जिस वजह से बिजनेस में भी जबरदस्त सफलता के योग बनेंगे और नौकरीपेशा लोगों को करियर में तरक्की मिलेगी। अपने रिश्तों में अच्छा संवाद बनाए रखें तो घर में माहौल वर्क खुशनुमा रहेगा।

अगली भाग्यशाली राशि कर्क राशि है। हालांकि मंगल की नीच राशि है लेकिन मंगल ग्रह कर्क राशि में थर्ड हाउस में प्रवेश करेंगे। जिसे भाई-बहन और पराक्रम स्थान कहा जाता है इसलिए भाई -बहनों के साथ प्यार बढ़ेगा और नौकरीपेशा लोगों को मेहनत का पूरा फल मिलेगा। आपके प्रभाव में वृद्धि होगी। प्रमोशन और इंक्रीमेंट के योग बनेंगे। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लोगों को जबरदस्त सफलता मिलेगी। विदेश जाने का मौका भी मिल सकता है। कोई नई प्रॉपर्टी भी आप खरीद सकते हैं।

पांचवीं भाग्यशाली राशि सिंह राशि है और सिंह राशि के जातकों के लिए मंगल दूसरे भाव में गोचर करेंगे। जिन्हें धन और वाणी का स्थान कहा जाता है इसलिए आप अपनी वाणी के प्रभाव से दूसरों को अपना बनाने में कामयाब रहेंगे यानी आप की फैन फॉलोइंग बढ़ेगी। आपको आर्थिक लाभ भी होंगे। इस दौरान हनुमान जी की पूजा करना आपके लिए बहुत ही लाभकारी साबित हो सकता है।

छठी भाग्यशाली राशि वृश्चिक राशि है और वृश्चिक राशि में मंगल ग्रह ग्यारहवें भाव में प्रवेश करेंगे। जिसे इनकम का स्थान कहा जाता है इसलिए इनकम में बढ़ोतरी होगी। वृश्चिक राशि वालों की कोई लंबे समय से चली आ रही इच्छा पूरी हो सकती है। जिससे घर में खुशी का माहौल बनेगा। किसी प्रभावशाली व्यक्ति से भी मुलाकात हो सकती है। बिजनेस में कोई बड़ी डील हो सकती है। आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर होगी और वृश्चिक राशि के जो लोग पिछले कई दिनों से किसी न किसी बीमारी या अवसाद से जूझ रहे हैं, उन्हें राहत मिलेगी और नौकरीपेशा लोगों को प्रमोशन का लाभ भी मिलेगा।

गुरमीत बेदी  
9418033344

 

Niyati Bhandari

Advertising