महाभारत: जब एक कुत्ते के लिए युधिष्ठिर ने छोड़ दिया स्वर्गलोक का सुख...

Tuesday, Mar 24, 2020 - 09:35 AM (IST)

Follow us on Instagram

महाभारत युद्ध के उपरांत लगभग 36 साल बाद यदुवंशियों का नाश हुआ। जब अर्जुन ने ये समाचार युधिष्ठिर को दिया तो उन्हें बहुत दुख हुआ। महर्षि वेदव्यास के कहने पर पांचों पांडवों ने राज-पाट का सुख छोड़कर सशरीर स्वर्ग जाने का फैसला किया। युधिष्ठिर ने जाने से पहले धृतराष्ट्र के पुत्र और दुर्योधन के भाई युयुत्सु का राज्याभिषेक किया और उसे हस्तिनापुर का राजा बनाया। फिर वे अपने चारों भाईयों को साथ लेकर हिमालय की ओर चल पड़े। सबसे पहले द्रौपदी ने बद्रीनाथ से आगे हिमालय की बर्फ में प्राण त्याग दिए। आगे बढ़ते-बढ़ते नकुल, सहदेव, भीम और अर्जुन भी ब्रह्मलोक प्रयाण कर गए। 

धर्मराज युधिष्ठिर एक कुत्ते के साथ स्वर्गलोक की ओर बढ़े जा रहे थे। आखिर चलते-चलते वह स्वर्ग के द्वार तक जा पहुंचे। द्वारपाल ने धर्मराज युधिष्ठिर के लिए दरवाजा खोल दिया। धर्मराज ने कुत्ते को आदेश दिया, पहले तुम अंदर जाओ।’’

‘‘नीच कुत्ता स्वर्गलोक में कैसे जा सकता है। पहरेदारों ने उसे यह कह कर अंदर जाने से रोक दिया।’’ 

धर्मराज ने कहा, ‘‘इस निरीह प्राणी ने पृथ्वी लोक से यहां तक मेरा साथ दिया है। मैं इसे अकेला छोड़कर स्वर्गलोक नहीं जाऊंगा।’’ 

स्वर्गलोक के प्रमुख पहरेदार ने कहा, ‘‘यदि आप अपने तमाम पुण्यों के फल इस कुत्ते को दे दें तो यह स्वर्गलोक जा सकता है।’’

युधिष्ठिर ने उत्तर दिया, ‘‘मैं अपने सारे पुण्यों के फल अपना साथ देने वाले इस निरीह प्राणी को देने में अपना जीवन सार्थक मानता हूं।’’ 

यह सुनते ही स्वर्गलोक के देवता धर्मराज युधिष्ठिर की जय-जयकार कर उठे। उन्हें सशरीर स्वर्गलोक में प्रवेश मिला।     

Niyati Bhandari

Advertising