Magh Gupt Navratri 2026 Upay : क्या आपकी मनोकामना अधूरी है ? गुप्त नवरात्रि पर करें ये अचूक उपाय और देखें चमत्कार
punjabkesari.in Saturday, Jan 17, 2026 - 04:46 PM (IST)
Magh Gupt Navratri 2026 Upay : माघ मास की गुप्त नवरात्रि यानी के माघ नवरात्रि का आरंभ 19 जनवरी से होने वाला है। सनातन धर्म में नवरात्रि को बहुत ही शुभ माना जाता है। हालांकि ज्यादातर लोग प्रकट नवरात्रि मनाते हैं लेकिन गुप्त नवरात्रि उन लोगों के लिए बेहद खास मानी जाती है जिनकी रुचि तंत्र-मंत्र और सिद्धियां प्राप्त करने में होती है। शास्त्रों के अनुसार इस दौरान किए गए उपाय भी जातक को बेहद ही शुभ परिणाम देते हैं। माना जाता है कि अगर कोई इस दौरान बताए गए उपायों को कर लेता है, तो उन्हें मनचाहे फल की प्राप्ति होती है। तो आइए जानते हैं कि माघ नवरात्रि के दौरान किए जाने वाले उपायों के बारे में-

माघ गुप्त नवरात्रि 2026 उपाय
माघ माह की गुप्त नवरात्रि में यदि आप मां दुर्गा की विधि-विधान से आराधना कर रहे हैं, तो उनके श्री चरणों में कमल का फूल अर्पित करना विशेष फलदायी माना गया है। धार्मिक और ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार कमल पुष्प अर्पण करने से देवी शीघ्र प्रसन्न होती हैं और श्रद्धालु की उचित एवं सच्ची इच्छाओं की पूर्ति करती हैं।
गुप्त नवरात्रि के दौरान काले तिल, गुड़ तथा वस्त्र आदि का दान करना भी अत्यंत मंगलकारी माना गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ऐसा करने से पितृ दोष और ग्रहों से जुड़े नकारात्मक प्रभाव शांत होते हैं तथा मां दुर्गा की विशेष अनुकंपा प्राप्त होती है। इस दान-पुण्य से घर-परिवार में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है।

अगर पैसों की तंगी का सामना करना पड़ रहा है तो आर्थिक अभाव को दूर करने के लिए लाल वस्त्र में थोड़े से अक्षत और कुछ कौड़ियां रखकर एक छोटी सी पोटली तैयार करें। इस पोटली को माता के चरणों का स्पर्श कराकर अपनी तिजोरी या धन-संचय वाले स्थान पर रखें। मान्यता है कि ऐसा करने से घर में धन वृद्धि होती है और अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण आता है।
यदि आप किसी कानूनी विवाद या न्यायालय से जुड़े मामले में फंसे हुए हैं, तो इस समय किसी देवी मंदिर में जाकर शुद्ध घी का दीप प्रज्वलित करें और माता से अपने पक्ष में न्याय की कामना करें। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ऐसा करने से विरोधियों पर विजय प्राप्त होने की संभावना बढ़ती है और न्याय मिलने का मार्ग प्रशस्त होता है।
इतना ही नहीं यदि आप कर्ज की समस्या से परेशान हैं, तो गुप्त नवरात्रि के समय ये उपाय किया जा सकता है। इन दिनों किसी भी एक दिन कच्चा नारियल लेकर उस पर सिंदूर का तिलक करें और उसे अपने सिर के ऊपर से सात बार घुमाएं। इसके बाद नारियल को बहते हुए जल में प्रवाहित कर दें। धार्मिक मान्यता है कि इस उपाय को करने से धीरे-धीरे ऋण से मुक्ति मिलती है और आर्थिक स्थिति में सुधार आने लगता है।
बताते चलें कि अगर युवक-युवतियों के विवाह में लगातार रुकावटें आ रही हों या रिश्ते तय होते-होते टूट जाते हों, उन्हें गुप्त नवरात्रि के दौरान माता पार्वती को 7, 9 अथवा 11 हल्दी की गांठें अर्पित करनी चाहिए। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इससे बृहस्पति ग्रह की स्थिति सुदृढ़ होती है और शीघ्र विवाह के अनुकूल योग बनने लगते हैं।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
