Lakshmi Panchami 2020: लक्ष्मी कृपा चाहते हैं तो आज अवश्य करें ये काम

Sunday, Mar 29, 2020 - 12:35 PM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Lakshmi Panchami 2020: आज चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को लक्ष्मी पंचमी का पर्व है। हर साल चैत्र नवरात्र के पांचवें दिन ये त्योहार मनाए जाने का विधान है। कुछ स्थानों पर इसे बसंत पंचमी के नाम से भी पुकारा जाता है। इस रोज़ धन की देवी को प्रसन्न करने के लिए विधि-विधान से उनकी पूजा करते हैं। यदि आपको पूजा की सही विधि नहीं मालुम तो आप देवी सुक्त, कनकधारा स्त्रोत, लक्ष्मी स्तोत्र, लक्ष्मी सुक्त का पाठ कर मां को प्रसन्न कर सकते हैं। लक्ष्मी पंचमी पर की गई उपासना शीघ्र फल देती है।

लक्ष्मी अर्थात धन, संपत्ति, दौलत हर दिल अजीज होती है। उनकी कृपा पाने के लिए व्यक्ति दिन रात मेहनत करता है। जिसकी मेहनत सफल होती है उसके घर में महालक्ष्मी निवास करती हैं और जो असफल होते हैं वह अपनी किस्मत को कोसते हैं। महालक्ष्मी सदैव ईमानदार और मेहनती लोगों के संग रहती हैं। महालक्ष्मी व्यक्ति के भाग्य से नहीं कर्म से प्रसन्न होती हैं।

लक्ष्मी कृपा पाने के लिए भगवान विष्णु की कृपा पाना अत्यन्त अवश्यक है क्योंकि लक्ष्मी उन्हीं के चरणों में रहकर उनकी दासी बनना पसंद करती हैं। शास्त्रों में या भगवान विष्णु के किसी भी चित्रपट अथवा श्री स्वरूप का ध्यान करके देखें मां लक्ष्मी सदैव उनके चरणों में बैठी उनके चरण दबाती ही दिखती हैं।

जो लोग रावण सा आचरण करते हैं भगवान विष्णु (श्री राम) का पूजन तो करते नहीं सीता (लक्ष्मी) को गलत काम करके हरण कर अपने घर में सुशोभित कर लेते हैं। ऐसे स्वार्थी और मतलबी लोगों के घर लक्ष्मी सिर्फ और सिर्फ मेहमान बन कर आती हैं।  इसके विपरित जो लोग भगवान विष्णु के चरण कमलों का नित्य ध्यान करते हैं माता लक्ष्मी उनके घर में स्थाई बसेरा बना लेती हैं।

भगवान विष्णु ने उन्हें अपने पुरुषार्थ के बल पर ही वश में कर रखा है। लक्ष्मी उन्हीं के वश में रहती है जो हमेशा सभी के कल्याण का भाव रखता हैं। विष्णु के पास जो लक्ष्मी हैं वह धन और सम्पत्ति है। भगवान श्री हरि उसका उचित उपयोग जानते हैं। इसी वजह से महालक्ष्मी श्री विष्णु के पैरों में उनकी दासी बन कर रहती हैं।

Niyati Bhandari

Advertising