Kamada Ekadashi: कब मनाई जाएगी कामदा एकादशी, जानें शुभ मुहूर्त और पूजा विधि

Thursday, Apr 18, 2024 - 06:48 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Kamada Ekadashi 2024: हर साल चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को कामदा एकादशी मनाई जाती है। इस साल 19 अप्रैल को कामदा एकादशी पड़ रही है। एकादशी के दिन भगवान विष्णु के साथ माता लक्ष्मी की पूजा की जाती है। माना जाता है कि इस दिन भगवान विष्णु की पूरे विधि-विधान से पूजा करने और व्रत रखने से मन की हर इच्छा पूरी होती है और जीवन में आने वाली हर समस्या से छुटकारा मिलता है। साथ ही हर पाप से मुक्ति मिलती है। तो आइए जानते हैं कि कामदा एकादशी शुभ मुहूर्त, महत्व और पूजा विधि के बारे में।


Kamada Ekadashi auspicious time कामदा एकादशी शुभ मुहूर्त
हिन्दू पंचांग के अनुसार, चैत्र महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि की शुरुआत 18 अप्रैल को शाम 5 बजकर 31 मिनट पर होगी। इसका समापन अगले दिन 19 अप्रैल को रात 8 बजकर 4 मिनट पर होगा। उदया तिथि के कारण कामदा एकादशी 19 अप्रैल दिन शुक्रवार को मनाई जाएगी। पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 5 बजकर 51 मिनट से लेकर सुबह 10 बजकर 43 मिनट तक है।  

Kamada Ekadashi importance कामदा एकादशी महत्व
शास्त्रों के अनुसार, कामदा एकादशी का व्रत रखने से मन की हर मनोकामना पूरी होती है और घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है। इस विशेष दिन पर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करने का विधान हैं। कामदा एकादशी के दिन भगवान विष्णु के साथ माता लक्ष्मी की पूजा करने से 100 यज्ञों के बराबर फल प्राप्त होता है। कामदा एकादशी के दिन दान-पुण्य करना बेहद शुभ माना गया है।

Kamada Ekadashi puja method कामदा एकादशी पूजा विधि
कामदा एकादशी के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ वस्त्र पहन लें।
इसके बाद भगवान विष्णु का ध्यान करके व्रत का संकल्प लें।
पूजा करने के लिए लकड़ी की चौकी पर लाल कपड़ा बिछाकर भगवान विष्णु की प्रतिमा स्थापित करें।  
फिर भगवान विष्णु को भोग में फल, दूध, फूल, पंचामृत और तिल आदि अर्पित करें।
इसके बाद घी का दीपक जलाएं और माता लक्ष्मी और भगवान विष्णु के मंत्रों का जाप करें।
फिर भगवान विष्णु की आरती करें और व्रत कथा करने के बाद पूजा संपन्न करें। 

Niyati Bhandari

Advertising