Jupiter Transit in Gemini: गुरु का महापरिवर्तन ! वृश्चिक राशि वालों के खुलेंगे कामयाबी के रास्ते

punjabkesari.in Thursday, Apr 10, 2025 - 02:16 PM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Jupiter Transit in Gemini: देवगुरु बृहस्पति का राशि परिवर्तन होने वाला है और वृश्चिक राशि वालों के लिए  कामयाबी के दरवाजे खुलते चले जाएंगे और कई ऐसे क्षेत्रों में भी आपको सफलता हासिल होगी जहां आप लंबे समय से प्रयास कर रहे थे लेकिन अभी तक मायूसी ही हाथ लग रही थी। लेकिन अब सफलताओं का सिलसिला शुरू होने वाला है और इसके लिए कोई लंबा इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा क्योंकि 14 मई 2025 को जैसे ही देवगुरु बृहस्पति राशि परिवर्तन करेंगे तो वृश्चिक राशि वालों का डंका बजना शुरू हो जाएगा।

PunjabKesari Jupiter Transit in Gemini

देवगुरु बृहस्पति इस ब्रह्मांड के सबसे बड़े ग्रह तो है ही, साथ ही इन्हें हमारे नवग्रह में गुरु का दर्जा भी हासिल है। इन्हें ज्ञान, कर्म ,धर्म, धन, समृद्धि, पुत्र और विवाह का कारक भी माना जाता है। इन्हें अध्यात्म का कारक भी माना जाता है। 14 मई को देवगुरु बृहस्पति का महा परिवर्तन होने वाला है क्योंकि इस दिन बृहस्पति अपनी राशि बदलकर वृषभ राशि से मिथुन राशि में चले जाएंगे और वृश्चिक राशि वालों की किस्मत का पिटारा खोल देंगे। साल 2025 में देवगुरु बृहस्पति तीन बार राशि परिवर्तन करेंगे और तीन गुना तेज रफ्तार से चलेंगे जिसे ज्योतिष में अतिचारी होना भी कहा जाता है। देवगुरु बृहस्पति जब भी राशि परिवर्तन करते हैं और अतिचारी भी हो जाते हैं तो ज्योतिष की दुनिया में बहुत बड़ी हलचल होती है।

ज्योतिष शास्त्र की गणना के मुताबिक देवगुरु बृहस्पति साल 2025 में पहली बार 14 मई को मिथुन राशि में गोचर करेंगे, फिर इसके बाद 18 अक्तूबर 2025 को मिथुन से कर्क राशि में जाएंगे जो देवगुरु बृहस्पति की उच्च राशि है। उच्च राशि में आकर बृहस्पति हमेशा परम बलशाली हो जाते हैं। 11 नवंबर को गुरु कर्क राशि में वक्री अवस्था में चले जाएंगे, यानि उल्टी चाल चलेंगे।फिर साल के अंत में 5 दिसंबर को देवगुरु बृहस्पति उल्टी चाल में ही फिर से मिथुन राशि में प्रवेश कर जाएंगे।

जिन लोगों का नाम तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू से शुरू होता है तो ऐसे लोगों की वृश्चिक राशि होती है। वृश्चिक राशि के स्वामी मंगल ग्रह हैं, जिन्हें हमारे नवग्रहों में सेनापति का दर्जा हासिल है। वृश्चिक राशि को सभी राशियों में गंभीर और निडर माना गया है। वृश्चिक राशि वाले व्यक्ति जिद्दी स्वभाव के होते हैं और इन्हें एकांत में रहना अधिक पसंद आता है। वृश्चिक राशि एक जल तत्व राशि है। मंगल स्वामी होने के कारण वृश्चिक राशि के जातक साहसी होते हैं। वृश्चिक राशि पर 29 मार्च को ही शनि की ढैया समाप्त हो रही है और उसके बाद देवगुरु बृहस्पति सबसे बड़ी खुशखबरी लेकर आ रहे हैं।

14 मई को देवगुरु बृहस्पति जब अपना राशि परिवर्तन करेंगे तो वृश्चिक राशि वालों के लिए एक नए स्वर्णिम युग की शुरुआत होगी। यह परिवर्तन आपकी मेहनत को फल देने, अधूरे सपनों को पूरा करने और जीवन के हर क्षेत्र में उन्नति देने के लिए आ रहा है। बृहस्पति के आशीर्वाद वृश्चिक राशि वालों को करियर और व्यवसाय में अपार सफलता मिलेगी। यदि आप नौकरीपेशा हैं, तो प्रमोशन और नई ज़िम्मेदारियों के लिए तैयार रहें। आपकी कार्यक्षमता और प्रतिभा को अब सही पहचान मिलेगी।

PunjabKesari Jupiter Transit in Gemini

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लोगों के लिए यह समय बेहद शुभ रहने वाला है। जो लोग व्यापार कर रहे हैं, उनके लिए यह गोचर नए निवेश और बड़े मुनाफे के संकेत दे रहा है। विदेश में नौकरी या व्यापार करने की सोच रहे लोगों को शुभ समाचार मिल सकता है। दूसरी सबसे पॉजिटिव बात यह है कि देवगुरु बृहस्पति के राशि परिवर्तन से वृश्चिक राशि वालों की आर्थिक स्थिति में बड़ा सुधार होगा।

गुरु धन और समृद्धि के भी कारक हैं। इस गोचर के प्रभाव से रुके हुए पैसे वापस मिलने लगेंगे। निवेश से जबरदस्त लाभ होगा।
भूमि, वाहन, घर खरीदने का सपना पूरा हो सकता है। यही नहीं देवगुरु बृहस्पति वृश्चिक राशि वाले स्टूडेंट्स को शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता भी प्रदान करेंगे। जो विद्यार्थी उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे हैं या विदेश में पढ़ाई का सपना देख रहे हैं, उनके लिए यह गोचर वरदान साबित होगा। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता मिलेगी। उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाने की संभावनाएं बढ़ेंगी। शोध कार्यों में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों के लिए यह समय अनुकूल रहेगा।

देवगुरु बृहस्पति का यह गोचर वृश्चिक राशि वालों के परिवार और दांपत्य जीवन में भी खुशहाली लेकर आएगा और वृश्चिक राशि के जो लोग विवाह की प्रतीक्षा कर रहे हैं, उनके लिए अच्छे रिश्ते आ सकते हैं। शादीशुदा लोगों के लिए गुरु का आशीर्वाद रिश्ते में प्यार और समझदारी बढ़ाएगा। पारिवारिक समस्याएं सुलझेंगी, और घर में सुख-शांति का माहौल रहेगा। संतान सुख की चाह रखने वालों के लिए यह समय शुभ संकेत दे रहा है। घर में किलकारी गूंज सकती है या संतान की तरफ से कोई खुशखबरी सुनने को मिलेगी। देवगुरु बृहस्पति आपके स्वास्थ्य के मामलों में भी सकारात्मक परिवर्तन लाएंगे।

पुराने रोगों से मुक्ति मिलेगी। मानसिक तनाव कम होगा और आत्मविश्वास बढ़ेगा। योग, ध्यान और आध्यात्मिक गतिविधियों में रुचि बढ़ेगी। गुरु के इस गोचर से वृश्चिक राशि वालों के लिए धार्मिक यात्राओं पर जाने के योग भी बनेंगे। सामाजिक कार्यों में आपकी रुचि बढ़ेगी। समाज में आपकी प्रतिष्ठा और सम्मान बढ़ेगा। जो लोग राजनीति या प्रशासन से जुड़े हैं, उनके लिए यह गोचर विशेष रूप से लाभकारी रहेगा। वृश्चिक राशि वालों के लिए अब वह समय आ गया है जब आपकी मेहनत रंग लाएगी। गुरु का यह गोचर आपको हर क्षेत्र में उन्नति दिलाएगा, बशर्ते आप पूरी ईमानदारी और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। गुरु के आशीर्वाद से आपको अपने संकल्प और परिश्रम से अपने सपनों को पूरा करने का समय आ गया है और वृश्चिक राशि वालों को इसका पूरा लाभ उठाना चाहिए।

PunjabKesari Jupiter Transit in Gemini

गुरमीत बेदी 
9418033344

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News