Indian prediction for 2024 astrology: 2024 में शनि बढ़ाएंगे महंगाई, राहु इंटरनैट के क्षेत्र में करेंगे बड़ा धमाल

Saturday, Dec 09, 2023 - 08:50 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

जालंधर (धवन): 2024 में पूरे वर्ष शनि कुम्भ राशि में ही गोचर करेंगे, राहु मीन राशि और केतू कन्या राशि में ही गोचर करते रहेंगे। मंद गति ग्रहों में देव गुरु बृहस्पति ही एक ऐसे ग्रह हैं, जो मई माह 2024 में राशि परिवर्तित कर वृषभ राशि में गोचर करेंगे। ज्योतिषाचार्य रेखा कल्पदेव ने बताया कि शनि कुंभ राशि में गोचर कर भारत वर्ष की कुंडली के दशम भाव पर विचरण कर रहे हैं, दशम भाव में कुंभ राशि है और कुंभ राशि का स्वामित्व शनि ग्रह के पास ही है। शनि का स्वराशि, कर्म भाव पर गोचर करने के प्रभाव से साल 2024 में सत्ता पक्ष के द्वारा नौकरियों में वृद्धि के योग बनेंगे। बेरोजगारों के रोजगार को लेकर नई नीतियों पर सत्ता पक्ष नई योजनाएं लेकर आ सकता है।

दशम भाव से शनि की तृतीय दृष्टि मेष राशि द्वादश भाव पर रहेगी। इसके फलस्वरूप सरकारी व्ययों में कमी, टैक्स में बढ़ौतरी, और मंहगाई बढ़ने के योग इस समय बनेंगे।

दशम भाव से शनि की सप्तम दृष्टि चतुर्थ भाव पर रहेगी, चतुर्थ भाव आम जनता का भाव है, इस पर शनि की दृष्टि का प्रभाव सत्ता पक्ष को जनता का समर्थन प्राप्त होने के प्रबल योग बना रहा है। सत्ता पक्ष पहले से अधिक बहुमत के साथ एक बार फिर जनादेश प्राप्त करने में सफल रहेगा। विदेशी राष्ट्रों के साथ महत्वपूर्ण करारों पर सहमति बनेगी।

जी-20 सम्मलेन जैसे वैश्विक हित के सम्मेलनों में सत्ता पक्ष अध्यक्ष को शामिल होने, अध्यक्षता करने के अवसर भी प्राप्त होंगे। इस प्रकार शनि महंगाई को बढ़ने के अतिरिक्त फल सत्ता पक्ष के अनुकूल दे रहा है। अब बात करें राहु की तो राहू का गोचर साल 2024 में एकादश भाव रहने वाला है। इसके फलस्वरूप आयात में कमी और निर्यात में वृद्धि होगी।

उत्तरोत्तर वृद्धि और विदेश से आय, लाभ, विदेशी करंसी आने के योग भी ऐसे में बन रहे है। राहु इंटरनैट के क्षेत्र में कुछ बड़ा करेगा। सोशल मीडिया के उपकरणों का विस्तार होगा। इंटरनैट की स्पीड और तकनीक के अपडेटेड वर्जन आने के संकेत भी यहां बन रहे हैं। शेयर बाजार और इन्वैस्टमैंट के क्षेत्रों में धन विनियोजन के योग भी बन रहे हैं। शेयर बाजार ग्राफ के तेजी से ऊपर जाने के योग यहां बन रहे है।

राहु की पंचम दृष्टि तृतीय भाव पर पड़ोसी देशों से सावधान रहने के योग बना रही है। पड़ोसी देशों पर अत्यधिक विश्वास करना नुक्सान का कारण बन सकता है। एक और जहां राहु सोशल मीडिया का दुरुपयोग छवि खराब करने के लिए होने के संकेत दे रहा है, वहीं दूसरी और अंतर्राष्ट्रीय समझौतों के मध्य में टूटने के योग भी बना रहे है। देव गुरु बृहस्पति मई माह 2024 के बाद भारत की कुंडली के लग्न भाव पर गोचर करेंगे और इससे पूर्व द्वादश भाव पर रहेंगे।

आने वाले साल में गुरु और केतु दोनों एक-दूसरे से दृष्टि संबंध बनाएंगे। इससे भारत की जनता में सनातन धर्म जागेगा। सनातन धर्म, संस्कृति का प्रचार-प्रसार चारों और खूब होगा। लोग वेदों की ओर लौटेंगे। अपने धर्म के नियमों को मन से अपनाएंगे। सार में यह कहा जा सकता है कि धार्मिक और आध्यात्मिक विषयों के लिए साल 2024 विशेष रहेगा। 

Niyati Bhandari

Advertising