यदि आपका जन्म 17 अगस्त से 16 सितम्बर के बीच हुआ है

Thursday, Jul 27, 2017 - 12:25 PM (IST)

इस समय सूर्य सिंह राशि में होता है। इस कारण इस समय में उत्पन्न होने वाले व्यक्ति सिंह के समान निर्भीक, उदार और अभिमानी होते हैं। उनके चित्त में दृढ़ता, साहस तथा धैर्य विशेष मात्रा में पाए जाते हैं और वे अपनी इच्छित वस्तु को प्राप्त करने में ईमानदारी तथा प्रकट व्यवहार काम में लाते हैं। ऐसे आदमी अभिमानी होने के कारण बहुत जल्दी नाराज हो जाते हैं, परंतु उनमें न्यायप्रियता की मात्रा इतनी अधिक होती है कि उनके क्रोध से लोगों को अकारण हानि नहीं होती और बुराई का बदला भी भलाई से लेते हैं। इनका प्रेम भी दृढ़ होता है। 


सिंह राशि में सूर्य अपनी राशि का होता है। इसलिए इस राशि में सूर्य तथा सिंह दोनों की प्रकृति विशेष पाई जाती है। वीरता सम्पन्न होने के कारण ऐसे व्यक्ति सैनिक विभाग में शीघ्र उन्नति प्राप्त करते हैं और शासन संबंधी कार्यों में विशेष सफल होते हैं। ऐसे व्यक्ति अपने परिश्रम से सम्पत्ति उपार्जित करते हैं परंतु जुआ, सट्टा तथा उधार देने के कारण द्रव्य हानि की भी संभावना है। द्रव्य के विषय में भाई-बहनों की ओर से उचित व्यवहार नहीं प्राप्त होगा। किसी एक निकट संबंधी की मृत्यु के कारण इनकी आर्थिक स्थिति को धक्का लगने की संभावना रहती है। किसी एक यात्रा में कुछ विपदा की संभावना होती है।


जायदाद के बंटवारे के कारण संभवत: संबंधियों से मन-मुटाव हो सकता है। किसी एक यात्रा के समय पिता को भी विपदा की संभावना होगी। ऐसी स्त्रियों को कभी-कभी जुड़वां बच्चे होते हैं अथवा प्रसव के समय या उसके बाद विशेष कष्ट होता है। पति या पत्नी के विचारों से संघर्ष के कारण सुख का अभाव होता है।


वसीयत के द्वारा धन-जायदाद पाने की संभावना रहती है जिसमें संबंधियों द्वारा रोड़े अटकाए जाते हैं। यात्राएं काफी करनी पड़ेंगी और एक विशेष यात्रा के बाद भाग्योदय होगा। ऐसे व्यक्तियों को प्राय: ऐसे पद मिलते हैं जिनमें सम्मान ज्यादा होता है परंतु आय कम। मित्रों की संख्या चाहे अधिक हो परंतु उनसे लाभ की संभावना कम और हानि की संभावना अधिक होती है परंतु शत्रु ऐसे जातक से दबे हुए रहेंगे। निमोनिया, वातज-व्याधि तथा तिल्ली, हृदय और मसाने की बीमारियों से बचना चाहिए।


पाश्चात्य ज्योतिषियों के मतानुसार इस समय पैदा हुए व्यक्ति बहुत खुशामदपसंद होते हैं और यदि उनकी आवश्यकता से अधिक भी चापलूसी की जाए तो भी प्रसन्न नहीं होते। एक अंग्रेज ज्योतिषी के मतानुसार ये प्रेम करने के शौकीन और स्वभाव से बहुत जल्दबाज होते हैं।


‘वराहमिहिर’ के मतानुसार यदि सिंह राशि में सूर्य हो तो इस समय में उत्पन्न हुए मनुष्य की वन, पहाड़ और गायों में विशेष प्रीति होती है और मनुष्य वीर्यान्वित और बुद्धिमान होता है।


‘सारावली’ के मतानुसार जिसके जन्म के समय सिंह का सूर्य होता है वह व्यक्ति स्थिरसत्व, गंभीर, विख्यात, क्षिति-पालक तथा धन-सम्पन्न होता है किन्तु वृद्धावस्था में ऊंचा सुनने लगता है। ऐसा व्यक्ति उत्साही, शूर, क्रोधी और तेजस्वी होता है और अपने शत्रुओं का नाश करने में समर्थ होता है।


रविवार, 1 व 4 की संख्या तथा पीला, सुनहरा और नारंगी रंग इनके लिए शुभ हैं।

Advertising