Hanuman Temple at Salangpur: हनुमान मंदिर में विवादित भित्तिचित्र क्षतिग्रस्त, 3 गिरफ्तार
punjabkesari.in Monday, Sep 04, 2023 - 07:19 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
बोटाद (प.स.): गुजरात के बोटाद जिले के एक मंदिर में भगवान हनुमान को स्वामीनारायण संप्रदाय के संत सहजानंद स्वामी के सामने घुटने टेकते हुए चित्रित करने वाले भित्तिचित्र क्षतिग्रस्त करने के आरोप में पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में से एक की पहचान हर्षद गढवी के रूप में हुई है।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में उक्त आरोपी जिले के सालंगपुर स्थित मंदिर में विवादास्पद भित्तिचित्र तोड़ते हुए दिखा था। पुलिस अधीक्षक किशोर बलोलिया ने बताया कि दो अन्य आरोपी जयसिंह भरवाड और बलदेव भरवाड भी उसके सहयोगी थे और दोनों उसके साथ मौके पर गए थे। मंदिर प्रबंधन ने कुछ महीने पहले, मंदिर परिसर में भगवान हनुमान की 54 फुट की मूर्ति स्थापित की थी। इसके आसन की दीवार भित्तिचित्रों से ढकी हुई है, जिनमें से कम से कम 2 भित्तिचित्रों के कारण विवाद उत्पन्न हुआ, जिसमें भगवान हनुमान को सहजानंद स्वामी को प्रणाम करते हुए दिखाया गया था।