Gurudwara Sri Akal Bunga news: गुरुघर पर अवैध कब्जा छुड़वाने गई पुलिस टीम पर निहंगों ने किया हमला, होमगार्ड जवान की मौत

punjabkesari.in Friday, Nov 24, 2023 - 08:30 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

सुल्तानपुर लोधी (धीर): 3 दिनों से पुलिस छावनी में तबदील गुरुद्वारा श्री अकाल बुंगा में गुरुवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण बन गया, जब सुबह करीब 5 बजे निहंगों और पुलिस के बीच फायरिंग शुरू हो गई। पुलिस ने स्थिति पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े। कुछ पुलिस कर्मियों ने गुरुद्वारा साहिब की दीवार से लगकर जान बचाई।

पुलिस को गुरुद्वारा साहिब में दाखिल होने से रोकने के लिए निहंगों ने पथराव शुरू कर दिया और पुुलिस पर फायरिंग कर दी। इस मुठभेड़ में गोली लगने से एक होमगार्ड जवान की मौत हो गई जबकि डी.एस.पी. समेत 10 पुलिस कर्मी जख्मी हो गए जिन्हें तुरंत सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी ले जाया गया जहां से 3 पुलिस कर्मियों को सिविल अस्पताल कपूरथला शिफ्ट कर दिया गया। 2 पुलिस कर्मियों के हाथ कट गए हैं। इस मुठभेड़ में 2 निहंग सिंह भी घायल हुए हैं। थाना सुल्तानपुर लोधी में कत्ल व विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करके 5 लोगों को गिरफ्तार कर 3 लाइसैंसी हथियार बरामद किए गए हैं। 

हालात संभालने के लिए तुरंत ए.डी.जी.पी. लॉ एंड आर्डर गुरिंद्र सिंह, डी.आई.जी. राजपाल सिंह संधू, एस.एस.पी. कपूरथला वत्सला गुप्ता, आई.जी. जालंधर रेंज से आला अधिकारी गुरुद्वारा साहिब पहुंचे और निहंग सिंहों के मुखी बाबा मान सिंह के साथ करीब 3 घंटे मीटिंग करके मामला सुलझाया।मृतक की पहचान जसपाल सिंह निवासी गांव मनियाला के तौर पर हुई है। सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी पहुंचे घायलों की पहचान डी.एस.पी. भुलत्थ भारत भूषण सैनी, ए.एस.आई. सुखदेव सिंह, कांस्टेबल बबलप्रीत सिंह, ए.एस.आई. अशोक कुमार, ए.एस.आई. गुरमीत सिंह, सुरेंद्र सिंह, अमनदीप सिंह, हरभजन सिंह, रमनदीप सिंह और हरजिंद्र सिंह के रूप में हुई है। कई पुलिस कर्मियों को मामूली चोटें भी आई हैं। 

डी.जी.पी. लॉ एंड आर्डर अर्पित शुक्ला ने बताया कि कपूरथला पुलिस को सूचना मिली कि गुरुद्वारा साहिब पर सेवादारों को बंधक बनाकर कब्जा किया गया है। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज किया। इस मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गुरुवार की प्रात: गुरुद्वारा श्री अकाल बुंगा के बाहर पुलिस फोर्स एकत्रित हो रही थी कि अचानक अंदर से निहंग सिंहों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और पुलिस पर हमला कर दिया। गोली लगने से होमगार्ड जवान जसपाल सिंह की मौत हो गई और 2 पुलिस कर्मियों के हाथ कट गए, जिनकी सर्जरी जालंधर के जोशी अस्पताल में चल रही है। इस हमले में कई पुलिस कर्मी जख्मी हुए हैं, जिनका वह हालचाल जानकर सीधे सुल्तानपुर लोधी पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि निहंगों को डर था कि पुलिस कार्रवाई करेगी, इसलिए उन्होंने हमला कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही ए.डी.जी.पी. लॉ एंड आर्डर गुरिंद्र सिंह, एस.एस.पी. वत्सला गुप्ता, आई.जी. जालंधर रेंज समेत पुलिस व सिविल प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और निहंग सिंहों के मुखी से बातचीत करके स्थिति को नियंत्रित किया। 

उन्होंने बताया कि सी.आर.पी.सी. की धारा-145 लगा दी गई है और गुरुद्वारा साहिब पर किसी को कब्जा नहीं करने दिया गया। अब यह गुरुद्वारा एस.डी.एम. की कस्टडी में है। थाना सुल्तानपुर लोधी में कत्ल व अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज करके 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 3 हथियार भी बरामद किए गए हैं।  पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। जब तक गुरुद्वारा साहिब के असली मालिक का फैसला नहीं हो जाता, यह प्रशासन के अधीन रहेगा। गुरुपर्व को लेकर पूरा एरिया खुला है। संगत बेखौफ गुरघर के दर्शनों के लिए आ सकती है। बाकायदा शहर में सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News