Guru Transit: मई में गुरु के वृष राशि में आते ही देश के समक्ष असंख्य समस्याएं उत्पन्न होंगी !

Thursday, Feb 15, 2024 - 07:20 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

जालंधर (धवन): 2024 का वर्ष देश के अंदर कई प्रकार की नई समस्याओं व चुनौतियों को उभारने जा रहा है जिसका संकेत स्वतंत्र भारत की वृष लगन की कुंडली से मिलता है।

देश की प्रमुख ज्योतिषाचार्य मनीजा आहूजा के अनुसार वृष लग्न की कुंडली में मई महीने के शुरू में बृहस्पति मेष राशि को छोड़ कर वृष राशि में आ जाएगा और भारत की कुंडली में वृष राशि में लग्न में पहले से राहू विराजमान हैं। बृहस्पति कुंडली में अष्टम स्थान का मालिक है और राहू से युति होते ही देश के अंदर कई प्रकार के आंदोलनों व धार्मिक स्थानों पर हमलों का अंदेशा है।

उन्होंने कहा कि श्री राम जन्मभूमि के बाद इस वर्ष अदालत का फैसला ज्ञानवापी मंदिर के पक्ष में आएगा। इसी तरह से श्री कृष्ण जन्मभूमि में भी फैसला सबूतों के आधार पर हिंदुओं के पक्ष में आने के आसार हैं क्योंकि मस्जिदों में धार्मिक चिन्ह नहीं होते हैं।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में इस वर्ष सरकार गिरने का अंदेशा है। बंगाल में हिंसा का जो तांडव शुरू हुआ है वह 25 फरवरी के बाद और तेज हो जाएगा। 15 मार्च के बाद परिस्थितियां नियंत्रण से बाहर हो सकती हैं इसलिए कुल मिलाकर पूरा वर्ष ही पश्चिम बंगाल के लिए खराब है।

उन्होंने कहा कि मुम्बई में भी नई समस्याएं जन्म लेंगी। उत्तर प्रदेश भी इससे अछूता नहीं रहेगा। फरवरी, मार्च तथा अप्रैल और उसके बाद जून व जुलाई के बाद परिस्थितियां देश में और बिगड़ सकती हैं। उन्होंने कहा कि 2002 में जैसे हालात बने थे, वैसे ही हालात अब भी बन सकते हैं।

उन्होंने कहा कि देश में सरकार व जनता दोनों को ही सावधान रहना होगा। दिल्ली की सिंह लग्न की कुंडली है और वहां पर कई नई चुनौतियां व समस्याएं उत्पन्न होंगी। उन्होंने बताया कि मई के बाद देश के कई धार्मिक स्थान निशाने पर आ सकते हैं और विभिन्न समुदायों के बीच झगड़े बढ़ने का अंदेशा है। असंतोष के कारण कई संगठन सड़कों पर दिखाई देंगे। नया संवत्सर भी अच्छा नहीं है और क्रूर ग्रहों का साया देश पर मंडरा रहा है। जिस तरह से धर्म को लेकर लोगों के अंदर जागृति आ रही है वह आगे और भी बढ़ने के आसार हैं।
 

Prachi Sharma

Advertising