ताइवान की राजधानी ताइपे में खुला हिंदुओं का पहला ‘सबका मंदिर’

Monday, Aug 28, 2023 - 08:24 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

ताइपे (इंट): ताइवान की राजधानी ताइपे में पहला हिंदू मंदिर बनकर तैयार हुआ है। इस हिंदू मंदिर का उद्घाटन पिछले दिनों किया गया है। ताइवान के इस इकलौते हिंदू मंदिर का नाम ‘सबका मंदिर’ रखा गया है। ‘सबका मंदिर’ में भगवान शंकर, श्रीराम सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं प्रतिष्ठापित की गई हैं। जिससे ताइवान में रहने वाले हिंदू समुदाय के लोगों में खुशी की लहर है। 

‘सबका मंदिर’ पर ताइवान में आई.आई.टी.-इंडियंस की संस्थापक डॉ. प्रिया लालवानी पुर्सवेनी ने कहा कि यह न केवल ताइवान में रहने वाले भारतीयों के लिए अपितु ताइवान के नागरिकों के लिए भी महत्वपूर्ण है। इस उपलब्धि का श्रेय 2 दशकों से ताइवान में बसे भारतीय प्रवासी और एक प्रसिद्ध भारतीय रेस्तरां के मालिक एंडी सिंह आर्य को दिया जा रहा है।  

ताइवान में रहने वाली भारतीय नागरिक सना हाशमी ने बताया कि इस मंदिर की स्थापना भारत में भारतीय समुदाय से सौहार्दपूर्ण संबंध को बढ़ावा देने के लिए ताइवान की गहरी प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। मंदिर का उद्घाटन भारत-ताइवान संबंधों की सांस्कृतिक कहानी में एक ऐतिहासिक क्षण है। इस मंदिर को ताइवान और भारत के बीच संबंधों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। ताइवान ने हाल ही में मुंबई में ताइपे आर्थिक और सांस्कृतिक केंद्र स्थापित करने की योजना के संबंध में बताया था।
 

Niyati Bhandari

Advertising