त्योहारी सीजन में ऑटो डीलरों की बल्ले-बल्ले, 63 फीसदी के पास बुकिंग की मजबूत पाइपलाइन
punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 12:16 PM (IST)
नई दिल्ली (एजैंसी): नवरात्रि और दशहरे से पहले देश के ऑटो बाजार में तेजी की उम्मीद बढ़ गई है। श्राद्ध के दौरान टली खरीदारी अब त्योहारी सीजन में लौटने लगी है और डीलरों के पास कारों तथा दोपहिया वाहनों की बुकिंग बढ़ रही है। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) के सर्वे में 75.57 प्रतिशत डीलरों ने अक्तूबर में बिक्री बढ़ने की उम्मीद जताई है। सितंबर में ऐसा मानने वाले डीलरों की हिस्सेदारी 67.09 प्रतिशत थी।
फाडा के मुताबिक करीब 63 प्रतिशत डीलरों ने बताया कि उनके पास पहले से बुकिंग की अच्छी पाइपलाइन है। फाडा अध्यक्ष साई गिरिधर के अनुसार बुकिंग मजबूत बनी हुई है। उनका कहना है कि श्राद्ध में टली मांग अक्तूबर के मध्य से डिलीवरी में बदल सकती है। इस बार नवरात्रि 11 से 20 अक्तूबर तक है, जिसके बाद दशहरे के कारण वाहन बिक्री में और तेजी की उम्मीद है।
सितंबर में रिकॉर्ड बिक्री: सितंबर में देश में वाहनों का खुदरा पंजीकरण रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। कुल 25.4 लाख वाहन बिके, जो पिछले साल के मुकाबले 31.82 प्रतिशत और अगस्त के मुकाबले 4.69 प्रतिशत अधिक हैं। यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री 4,27,213 इकाई रही, जो सालाना आधार पर 32.1 प्रतिशत अधिक है। दोपहिया वाहनों की बिक्री भी 33.08 प्रतिशत बढ़कर 17.9 लाख इकाई पहुंच गई।
जी.एस.टी. कटौती ने बनाया मुश्किल आधार: हालांकि फाडा ने आगाह किया है कि पिछले साल के मुकाबले सितंबर की तेज वृद्धि को सीधे मौजूदा मांग से नहीं जोड़ा जा सकता। सितंबर 2025 में जीएसटी दरों में बदलाव से पहले ग्राहकों ने खरीदारी टाल दी थी और 22 सितंबर के बाद अचानक मांग बढ़ी थी। इसलिए इस बार तुलना का आधार असामान्य रूप से कमजोर है। सितंबर को छोड़कर वित्त वर्ष 2026-27 के पहले पांच महीनों में खुदरा बिक्री करीब 17 प्रतिशत बढ़ी है।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
