ये है जून में आने वाले व्रत और त्यौहारों की पूरी List

Saturday, Jun 01, 2019 - 01:08 PM (IST)

ये नहीं देखा तो क्या देखा (Video)

आज 1 जून है, हिंदू पंचांग के अनुसार वर्तमान समय में ज्येष्ठ का महीना चल रहा है। 18 जून से आषाढ़ माह का आरंभ हो जाएगा।  जून के आरंभ में खास तिथियां आएंगी, जो हिंदू धर्म में अत्यधिक महत्वपूर्ण हैं। खुशहाल जीवन व्यतित करने के लिए संबंधित तिथियों पर देवी-देवताओं का पूजन करना चाहिए। ये है जून में आने वाले व्रत और त्यौहारों की पूरी लिस्ट

3 जून, सोमवार- ये बहुत शुभ दिवस है क्योंकि इस दिन बहुत सारे व्रत और त्यौहार एकसाथ आ रहे हैं। इस रोज़ अमावस्या है क्योंकि ये तिथि सोमवार को आ रही है इसलिए इस रोज़ आने वाली अमावस्या सोमवती अमावस्या कहलाएगी। सोमवती अमावस्या पर रुद्र अभिषेक करने से भगवान शिव का आशीर्वाद मिलता है और सभी इच्छाएं पूरी होती हैं। कर्मफलदाता शनि देव का जन्मोत्सव शनि जयंती भी इसी दिन आ रही है। पितरों के निमित्त तर्पण और श्राद्ध कर्म करने से वे प्रसन्न होंगे। अपनी क्षमता के अनुसार गरीबों और मजदूर वर्ग में दान-पुण्य करने से शनि कृपा मिलेगी। वट सावित्री व्रत सुहागन महिलाओं के लिए बहुत अहमियत रखता है। अखण्ड सुहाग के लिए इस दिन वट वृक्ष की पूजा किए जाने का विधान है। 

6 जून, गुरुवार- इस रोज़ विनायकी चतुर्थी व्रत आ रहा है। ये दिन भगवान श्री गणेश को समर्पित है। जो व्यक्ति इस तिथि पर व्रत-उपवास अथवा गणेश पूजन करता है। उसकी सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।

11 जून, मंगलवार- भगवान शिव का एक नाम महेश भी है। अत: महेश नवमी पर्व उन्हें समर्पित है। हर साल ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को यह त्यौहार मनाया जाता है। माहेश्वरी समाज के लोगों का ये खास त्योहार होता है।

12 जून, बुधवार- इस दिन गंगा दशहरा का त्योहार मनाया जाएगा। इस तिथि पर श्रद्धालु गंगा नदी में स्नान करते हैं। जिनके लिए गंगा तक जाना संभव नहीं होता वे अपने आसपास किसी पवित्र नदी में स्नान करते हैं। 

13 जून, गुरुवार- साल भर में आने वाली सभी एकादशियों में सबसे बड़ी एकादशी निर्जला एकादशी मनाई जाएगी। ये तिथि भगवान विष्णु को समर्पित है। इस दिन निर्जल रहकर व्रत करना चाहिए। कहते हैं इस एक व्रत से साल भर के एकादशी व्रतों का फल मिलता है।

16 जून, रविवार- इस दिन ज्येष्ठ मास की पूर्णिमा है। इसे वट सावित्री पूर्णिमा कहते हैं।

17 जून, सोमवार- भारतीय रहस्यवादी कवि और संत कबीरदास जी की जयंती है। इनकी रचनाओं ने भक्ति आंदोलन को गहरे स्तर तक प्रभावित किया।

18 जून, मंगलवार- हिन्दू पंचांग के अनुसार आषाढ़ मास शुरू हो जाएगा। इस महीने में रिमझिम फुहारों के साथ तपती गर्मी में वर्षा ऋतु का आनंद लिया जा सकता है।

20 जून, गुरुवार- गणेश चतुर्थी के दिन व्रत-उपवास के साथ विधि-विधान से पूजा किए जाने का नियम है।  

28 जून, शुक्रवार- इस दिन योगिनी एकादशी है। इस रोज़ भगवान विष्णु के निमित्त व्रत-उपवास किया जाता है।

Niyati Bhandari

Advertising