चेहरे के तिल भी बता सकते हैं आपका मिजाज और भविष्य

Tuesday, Mar 30, 2021 - 01:32 PM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
चेहरे पर तिल होना खूबसूरती का प्रतीक भी माना जाता है और ज्योतिष शास्त्र में तो चेहरे के तिल देखकर ही आपके व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं और आपके मिजाज के बारे में बताया जा सकता है। यही नहीं, तिल यह भी बता देते हैं कि आपकी जिंदगी कैसी है और भविष्य कैसा रहेगा। 

कुछ अपवाद अगर छोड़ दें तो हम सभी के शरीर में कही न कहीं तिल जरूर होते हैं।  शरीर के अलग-अलग भागों के तिल आपके बारे में बहुत जानकारी देते हैं। सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार आपके शरीर के ये तिल आपके जीवन में सफलता से लेकर धन और भविष्य की कई बातों का संकेत देते हैं। बस देखना यह होता है कि आपके चेहरे पर या शरीर में तिल किस स्थान पर है क्योंकि हर स्थान पर तिल होने का अलग मतलब है। 

तिल चाहे आपके माथे पर है, नाक पर है, होंठों पर है, आइब्रो पर है। ठोड़ी पर है, गले पर है, दायीं गाल पर है, बायीं गाल पर है या आंखों के नीचे है। तिल आपके व्यक्तित्व के बारे में बता देता है।

अगर आपके नाक पर तिल है तो सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार ऐसा व्यक्ति जीवन में धनवान बनता है। यही नहीं, घूमने-फिरने का शौकीन भी होता है और विवाह के बाद ऐसे लोगों को अधिकतर कामों में सफलता मिलती है। महिलाओं की नाक पर तिल उनके सौभाग्यशाली होने का सूचक है।

अगर आपकी दोनों आंखों के बीचो-बीच माथे पर तिल होता है तो कहा जाता है कि ऐसे लोग अपने में सिमटे हुए होते हैं और घूमने फिरने के बहुत ही शौकीन। इसके अलावा इन लोगों के पास धन की कोई कमी नहीं रहती और इनकम के कई साधन होते हैं।

जिन लोगों के आइब्रो के पास तिल होता है ऐसे लोग बहुत बुद्धिमान होते हैं और अपनी बुद्धि से हर काम में सफलता प्राप्त करते हैं। इसके अलावा दाईं आंख के नीचे जिनके तिल होता है,  ऐसे लोग बहुत इमोशनल होते हैं। दाहिनी आईब्रो पर तिल सुखमय और बायीं आइब्रो पर तिल दुखमय दांपत्य जीवन का संकेत देता है।

जिन लोगों के ललाट के मध्य भाग में तिल होता है, वे थोड़े फिजूलखर्ची भी होते हैं। रिलेशंस के मामले में थोड़ा लापरवाह भी होते हैं।

जिसके दायीं पुतली पर तिल हो तो ऐसे व्यक्ति के विचार उच्च होते हैं। बायीं पुतली पर तिल वालों के विचार थोड़ा संकुचित होते हैं। पुतली पर तिल वाले लोग सामान्यत: भावुक होते हैं।

आंख की पलकों पर तिल हो तो जातक संवेदनशील होता है। दायीं पलक पर तिल वाले बायीं वालों की अपेक्षा अधिक संवेदनशील होते हैं।

दायीं आंख पर तिल स्त्री से मेल होने का एवं बायीं आंख पर तिल स्त्री से अनबन होने का आभास देता है।
  
कान पर तिल व्यक्ति की सेहत और आयु के हिसाब से अच्छा नहीं होता।

होंठ पर तिल वाले व्यक्ति बहुत प्रेमी हृदय होते हैं। यदि तिल होंठ के नीचे हो तो जीवन थोड़ा संघर्षपूर्ण भी रहता है।

मुखमंडल के आसपास का तिल स्त्री तथा पुरुष दोनों के सुखी संपन्न एवं सज्जन होने के सूचक होते हैं। मुंह पर तिल व्यक्ति को भाग्य का धनी बनाता है। उसका जीवनसाथी सज्जन होता है।

गाल पर लाल तिल शुभ फल देता है। बाएं गाल पर कृष्ण वर्ण तिल व्यक्ति को निर्धन, किंतु दाएं गाल पर धनी बनाता है।

जबड़े पर तिल हो तो स्वास्थ्य की अनुकूलता और प्रतिकूलता निरंतर बनी रहती है।

जिस स्त्री की ठोड़ी पर तिल होता है,  वे कई बार थोड़ा आत्म केंद्रित हो जाती हैं और उनमें मिलनसारिता की कमी होती है।
 

गुरमीत बेदी
gurmitbedi@gmail.com

Jyoti

Advertising