भारत में सबसे पहले इस गांव में उगता है ‘सूरज’

Friday, Feb 09, 2024 - 09:28 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Dong in Arunachal Pradesh: भारत जैसे अनोखे देश में अलग-अलग जगहों पर अलग खान-पान, लोग, बोलियां, भाषाएं और मौसम देखने को मिलते हैं। और तो और, यहां तो सूरज उगने और ढलने तक का समय एक समान नहीं है। बहुत जगहों पर जल्दी सुबह होती है, तो बहुत से स्थानों पर देर से शाम होती है लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत में सबसे पहले सूर्योदय कहां होता है?


Dong Village sunrise: भले ही उस राज्य अरुणाचल प्रदेश का नाम कई लोग बता दें लेकिन कम ही लोग यह जानते होंगे कि राज्य के किस गांव में सबसे पहले सूर्य देवता के दर्शन होते हैं। दरअसल, अरुणाचल का अर्थ ही ‘सूर्य का आंचल’ होता है और देश में सबसे पहले सूर्योदय इसी राज्य के डोंग गांव में होता है।  


What time does sunrise happen in Dong ? कितने बजे होता है डोंग में सूर्योदय ?
अरुणाचल प्रदेश की डोंग घाटी में मौजूद डोंग गांव में सुबह 4 बजे के करीब ही सूर्योदय हो जाता है और शाम के 4 बजे तक सूर्यास्त होने लगता है। अंजॉ जिले का यह पूर्वी गांव धरती से करीब 1240 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। गांव अपने आप में बेहद अनोखा है।


Where is Dong village ? कहां है डोंग गांव ?
यह जगह अपनी प्राकृतिक और अछूती खूबसूरती के लिए भी जानी जाती है। यात्री और फोटोग्राफी के शौकीन लोग इस जगह पर सैर करने आते रहते हैं। यह भारत, म्यांमार और चीन के ‘त्रिकोणीय जंक्शन’ के बीच तीन देशों से घिरा है। यहां ट्रैकिंग करते हुए आराम से पहुंचा जा सकता है। अगर आप भारत में किसी युनीक जगह को देखने की योजना बना रहे हैं, तो यह आपके लिए बैस्ट साबित हो सकती है।


How to reach Dong village ? कैसे पहुंचें डोंग गांव ?
यहां पहुंचने के लिए आपको असम के डिब्रूगढ़ तक रेल मार्ग से जाना पड़ेगा या फिर आप दिल्ली, कोलकाता और गुवाहाटी से उड़ान भर सकते हैं। यहां पहुंचने के बाद, फिर आपको वालॉन्ग पहुंचना होगा। वालॉन्ग ट्रैकिंग का मेन प्वाइंट है, यहां से डोंग घाटी तक पहुंचने में आपको 90 मिनट लगेंगे। सूर्योदय वाली जगह पर जाने के लिए आपको आधी रात के बाद 2 बजे से चढ़ाई शुरू करनी पड़ेगी।  ट्रैक थोड़ा मुश्किल है, लेकिन खूबसूरत नजारे और हरे-भरे घास के मैदान आपकी सारी थकान दूर कर देंगे।


Accommodation in Dong Village डोंग गांव में ठहरने की व्यवस्था
अरुणाचल प्रदेश एक प्रतिबंधित क्षेत्र है और इस राज्य का दौरा करने के लिए इनर लाइन परमिट की जरूरत पड़ती है। आप अरुणाचल आई.एल.पी. वैबसाइट पर जा कर परमिट के लिए अप्लाई कर सकते हैं। परमिट मिल जाने के बाद, आप अरुणाचल में इस जगह और अन्य जगहों को देख सकते हैं। अगर आप पैदल सैर करने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो आप तेजू, ह्युुलियांग या हवाई में ठहर सकते हैं।  इसके अलावा आप लोहित नदी के किनारे कैम्प लगा सकते हैं।   

 

Niyati Bhandari

Advertising