क्या है जीवनरूपी जागीर, जानें इस प्ररेणात्मक प्रसंग

Monday, Nov 14, 2022 - 02:02 PM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
तर्कशास्त्र के विद्वान पंडित रामनाथ ने नवद्वीप के पास एक निर्जन वन में विद्यालय स्थापित किया था। कृष्ण नगर में महाराज शिवचंद्र का शासन था। महाराज नीतिकुशल होने के साथ विद्यानुरागी भी थे। उन्होंने पंडित रामनाथ की चर्चा सुनी। उन्हें यह जानकर दुख हुआ कि ऐसा महान विद्वान गरीबी में दिन काट रहा है। महाराज स्वयं वहां गए और रामनाथ जी से  पूछा, ‘‘आपका घर-खर्च कैसे चलता है।’’ 

पंडित जी बोले, ‘‘घर के खर्चों के बारे में गृहस्वामिनी मुझसे अधिक जानती हैं। यदि आपको कुछ पूछना हो तो उनसे पूछ लें।’’

राजा पंडित जी के घर गए और गृहिणी से पूछा, ‘‘माताजी, घर-खर्च के लिए कोई कमी तो नहीं है।’’

पंडित जी की पत्नी ने कहा, ‘‘महाराज! भला सर्वसमर्थ परमेश्वर के रहते उनके भक्तों को क्या कमी रह सकती है?’’ 

1100  रुपए मूल्य की जन्म कुंडली मुफ्त में पाएं । अपनी जन्म तिथि अपने नाम , जन्म के समय और जन्म के स्थान के साथ हमें 96189-89025 पर वाट्स ऐप करें

राजा बोले, ‘‘फिर भी माता जी...।’’

साध्वी बोलीं, ‘‘महाराज! कोई कमी नहीं है। पहनने को कपड़े हैं, सोने के लिए बिछौना है। पानी रखने के लिए मिट्टी का घड़ा है। खाने के लिए विद्यार्थी अनाज ले आते हैं। भला इससे अधिक की जरूरत भी क्या है?’’ 

राजा ने आग्रह किया, ‘‘देवी! हम चाहते हैं कि आप को कुछ गांवों की जागीर प्रदान करें। इससे होने वाली आय से गुरुकुल भी ठीक तरह से चल सकेगा और आपके जीवन में भी कोई अभाव नहीं होगा।’’

उत्तर में वह वृद्धा ब्राह्मणी मुस्कुराईं और कहने लगीं, ‘‘प्रत्येक मनुष्य को परमात्मा ने जीवनरूपी जागीर पहले से ही दे रखी है। जो जीवन की इस जागीर को संभालना सीख जाता है, उसे फिर किसी चीज का कोई अभाव नहीं रह सकता।’’ 

राजा आगे कुछ नहीं बोल पाए।
 

Jyoti

Advertising