Delhi Vasudev Ghat: वासुदेव घाट पर होगी आरती, यमुना की विशाल मूर्ति लगी

Wednesday, Mar 13, 2024 - 07:19 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने आज आई.एस.बी.टी कश्मीरी गेट के निकट डी.डी.ए द्वारा विकसित किए गए वासुदेव घाट का उद्घाटन किया, जो यमुना नदी के बाढ़ क्षेत्रों को बहाल करने और इनका पुनरुद्धार करने के लिए एक और मील का पत्थर है। वासुदेव घाट डी.डी.ए द्वारा दिल्ली में बहाल किया गया पहला घाट है। 

यह इलाका 16 हेक्टेयर क्षेत्र में है और मुख्य घाट 145 मीटर की लंबाई तक फैला है और इसमें यमुना के पवित्र जल तक पहुंचने के लिए 25 सीढ़ियां हैं। घाट पर 5 हेक्टेयर में फैला हुआ हरित क्षेत्र चारबाग शैली में है। उपराज्यपाल ने कहा कि इस घाट के अलावा डी.डी.ए दिल्ली में यमुना बाढ़ के मैदानों और अन्य घाटों का भी नवीकरण करके उनका पुनरुद्धार करने का प्रयास कर रहा है। मुझे पूरा विश्वास है कि इससे न केवल यमुना के तटों को उसका पुराना स्वरूप वापस मिलेगा, बल्कि लोगों को यहां सुखद अनुभूति भी होगी।

उन्होंने कहा कि यमुना जीवनदायिनी है, यहां सुंदर नक्काशीदार मंडप, फूलों की क्यारियां, हरी-भरी हरियाली के बीच मां यमुना की मूर्ति, हर मौसम में फूल लगाए गए हैं। डीडीए ने एक पंजीकृत सोसाइटी के साथ नियमित रूप से सांस्कृतिक यमुना आरती के लिए करार किया है। इससे नदी को प्रदूषण मुक्त करने के प्रति जागरूक किया जा सकेगा। यहां 2.1 मीटर चौड़ा एवं 1.8 कि.मी. लंबा पैदल यात्री ट्रैक और 2.8 मीटर चौड़ा तथा 1.3 कि.मी. लंबा साइकिल ट्रैक भी विकसित किए जा रहे हैं।

Prachi Sharma

Advertising