दिल्ली की पहली नमो यमुना रिवर क्रूज सेवा शुरू सीएम रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री सोनोवाल व अन्य ने किया सफर
punjabkesari.in Wednesday, Nov 11, 2026 - 11:42 AM (IST)
नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): सोनिया विहार से जगतपुर के बीच करीब 6 किलोमीटर तक की नमो यमुना रिवर क्रूज सेवा मंगलवार से आरंभ हो गई। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल व मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे हरी झंडी दिखाई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली सरकार के अन्य मंत्रियों व अधिकारियों के साथ यमुना क्रूज में सफर किया। इस सेवा के साथ जल्द ही लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से यमुना की पौराणिक कथाओं और विरासत को भी जीवंत किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री सोनोवाल ने कहा कि यमुना क्रूज दिल्ली में नदी पर्यटन की एक नई लहर का संकेत है। यह पहल नदी पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय व्यापार और रोजगार के नए अवसर सृजित करेगी। यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के निर्माण की हमारी परिकल्पना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के रिवरफ्रंट को एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करने के लिए सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि दिल्ली ने नदी-आधारित पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है।
सीएम ने बताया कि यमुना परियोजना में कई तरह के मनोरंजन के साधन और आगंतुकों के लिए सुविधाएं शामिल हैं। मुख्य आकर्षण एक संगीतमय फव्वारा है, जिसमें लाइट एंड साउंड शो के जरिए यमुना के इतिहास और आध्यात्मिक महत्व को दर्शाया गया है। इसमें सूर्य देव और यमराज के साथ यमुना के संबंध और भगवान श्री कृष्ण की दिव्य लीलाओं, विशेष रूप से प्रसिद्ध कालिया दमन को दिखाया गया है। मंत्री प्रवेश वर्मा व कपिल मिश्रा ने कहा कि रिवर क्रूज सेवा को भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण द्वारा विकसित किया गया है। यह कार्य पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अंतर्गत दिल्ली विकास प्राधिकरण, दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम, दिल्ली जल बोर्ड और दिल्ली सरकार के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के सहयोग से किया गया है।
क्रूज के उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर, सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और सांसद मनोज तिवारी,मंत्रालय के सचिव विजय कुमार, दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव राजीव वर्मा और भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) के अध्यक्ष सुशील कुमार लोहानी शामिल थे।
यह भी आकर्षण: एक फूड कोर्ट, शॉपिंग एरिया, बच्चों के लिए प्ले जोन और एडवेंचर स्पोर्ट्स की सुविधाएं भी हैं, जिनमें स्केटिंग और रॉक क्लाइम्बिंग शामिल हैं। आगंतुकों को सुविधा देने के लिए आधुनिक फ्लोटिंग जेटी, अलग टिकट काउंटर, ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा, रेस्ट रूम, प्रतीक्षा स्थल और रोशनी से जगमगाते रास्ते बनाए हैं। इलेक्ट्रिक क्रूज के लिए चार्जिंग स्टेशन, महिलाओं, पुरुषों और दिव्यांगजनों के लिए अलग-अलग शौचालय, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और पेयजल के लिए बोरवेल की व्यवस्था की गई है। रसोई एवं स्टोर क्षेत्र और पक्के ब्लॉक वाली संपर्क सड़क भी विकसित की गई है।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
