Dawood Ibrahim's house in Mumbai: दाऊद के घर को मस्जिद बताने पर हाईकोर्ट नाराज, कहा-गुमराह न करें

punjabkesari.in Thursday, Nov 26, 2026 - 11:25 AM (IST)

मुंबई (एजैंसी): गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम के मुंबई वाले घर को मस्जिद बताने पर हाईकोर्ट नाराज हो गया। हाईकोर्ट ने बुधवार को याचिकाकर्त्ता को फटकार लगाते हुए कहा कि अदालत को गुमराह न करें। दरअसल 19 नवंबर को बी.एम.सी. जब दो मंजिला ‘मुसाफिरखाने’ को गिराने पहुंची तो उसी दिन अब्दुल रजाक और अमीराली वजीराली पंजवानी ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की और कहा कि यह मस्जिद है तब कोर्ट ने यथा स्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था।

बुधवार को दूसरी सुनवाई में चीफ जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी और जस्टिस अद्वैत सेठना की बैंच ने बिल्डिंग गिराने पर लगी रोक 30 नवम्बर तक बढ़ा दी। साथ ही इमारत में नमाज पढ़ने और किसी के अंदर जाने की मनाही का आदेश दिया।

बृहन्मुंबई नगर निगम ने 19 नवंबर को इस इमारत को खतरनाक और जर्जर घोषित करते हुए इसे गिराने का काम शुरू किया था। बी.एम.सी. की ओर से पेश वरिष्ठ वकील अनिल सखारे ने कहा, ‘यह एक आम इमारत है, न कि कोई मस्जिद, जैसा कि याचिकाकर्त्ताओं का दावा है।”

अदालत ने गौर किया कि पिछले हफ्ते जब इस याचिका का जिक्र किया गया था और तत्काल सुनवाई की मांग की गई थी, तब याचिकाकर्त्ताओं ने कहा था कि यह ढांचा एक मस्जिद है।

पीठ ने कहा, “अगर आपने (याचिकाकर्त्ताओं ने) हमें गुमराह करके यथास्थिति बनाए रखने का आदेश प्राप्त किया है, तो हम आपके खिलाफ अवमानना का नोटिस जारी करेंगे।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari