दुनिया भर में मनाए जाते हैं ‘रंग-बिरंगे त्यौहार’

Wednesday, Mar 27, 2024 - 08:49 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Colourful Festivals Around the World: भारत में होली का त्यौहार बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। यह मुख्य रूप से दो दिनों तक मनाया जाता है- पहले दिन होलिका दहन और दूसरे दिन रंगों से होली खेली जाती है लेकिन ऐसे दिलचस्प त्यौहार केवल भारत में ही नहीं बल्कि दुनिया के कई देशों में मनाए जाते हैं।

तरबूज का त्यौहार (ऑस्ट्रेलिया)
ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड के डार्लिंग शहर में एक बहुत अनोखा त्यौहार मनाया जाता है। इस शहर को ऑस्ट्रेलिया की ‘मैलन कैपिटल’ कहा जाता है और यही कारण है कि यहां तरबूज से होली खेली जाती है। यह हर दूसरे साल फरवरी में मनाया जाता है और तरबूज से जुड़े कई गेम्स ऑर्गेनाइज किए जाते हैं।  यहां लोग तरह-तरह से सजकर आते हैं और वाटर मैलन फैंसी ड्रैस मुकाबला भी होता है।  

मड फेस्टिवल (दक्षिण कोरिया)
पुराने जमाने में लोग गर्मी से बचने के लिए अपने शरीर पर मिट्टी लेपते थे। दक्षिण कोरिया के बोरयॉन्ग इलाके में यह चलन अभी भी है। ये सियोल से 200 किलोमीटर दूर है और यहां जुलाई में दुनिया भर से लोग इकट्ठा होते हैं। इसकी शुरूआत 1988 में हुई। यह 10 दिन चलता है। इसे मनाने का कारण है स्थानीय लोगों को मिट्टी की अहमियत बताना। माना जाता है कि इलाके की मिट्टी में ‘गेरानियम’ सहित अन्य बहुत से मिनरल्स मौजूद हैं। अगर कोई यहां कीचड़ से होली न खेलना चाहे तो वह केवल ‘क्ले मास्क’ लगाकर भी इसका फायदा उठा सकता है।

ला टोमाटीना (स्पेन)
इस फैस्टिवल में टमाटर से होली खेली जाती है, जिसे स्पेन के बुइनोल शहर में मनाया जाता है। लोग टमाटर मारने से पहले उसे अच्छे से दबा देते हैं ताकि चोट न लगे। यह अगस्त के आखिरी हफ्ते में सैलिब्रेट किया जाता है और इसमें हिस्सा लेने हजारों लोग बुइनोल पहुंचते हैं।

 

संतरों का युद्ध (इटली)
इटली में होने वाले सबसे अजीब फैस्टिवल्स में से एक यह है। यह 3 दिनों तक चलता है और इसका महत्व इतना ज्यादा है कि स्थानीय सरकार इसे टूरिज्म के लिए भी प्रमोट करती है। यह आइवरिया नामक जगह पर होता है। इसकी शुरूआत पुर्तगाल, फ्रांस और स्पेन के बीच संतरों को लेकर हुए युद्ध के बाद हुई थी। अब इसे एक फन फैस्टिवल बना दिया गया है, जहां लोग एक-दूसरे पर संतरे फैंकते हैं। इस फैस्टिवल में 400 टन से ज्यादा संतरों का इस्तेमाल होता है। लोग दो गुटों में बंट जाते हैं और एक-दूसरे पर संतरों की बारिश कर देते हैं।  

सोंगक्रान (थाईलैंड)
थाईलैंड में 13 अप्रैल को नया साल मनाया जाता है और यह जश्न 15 तारीख तक चलता है। इस दौरान बर्फीला पानी एक-दूसरे पर फैंकने की प्रथा है। लोग बीन्स का पेस्ट भी एक-दूसरे पर लगाते हैं। यह गर्मियों के समय मनाया जाता है और इसलिए बर्फीले पानी से किसी को मुश्किल नहीं होती। यह त्यौहार होली की तरह ही है। अब इसमें रंगों का इस्तेमाल भी होने लगा है।

आटे का फैस्टिवल (ग्रीस)
ग्रीस के गालाक्सिडी शहर में लोग एक दूसरे पर रंग-बिरंगा आटा फैंकते हैं। इस में 1500 किलो से ज्यादा आटा इस्तेमाल होता है। कार्निवल की शुरूआत मार्च के शुरू में होती है और यहां स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आते हैं।
 

Niyati Bhandari

Advertising