सीएम रेखा गुप्ता ने सुबह अर्घ्य दिया फिर किया स्वच्छता श्रमदान
punjabkesari.in Wednesday, Oct 29, 2025 - 08:35 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
नई दिल्ली ( नवोदय टाइम्स ): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मंगलवार सुबह आईटीओ स्थित यमुना नदी के हाथी घाट पहुंची, जहां उन्होंने छठ व्रतियों के साथ उगते सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया और पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष छठ पर्व की भव्यता केवल दिल्ली तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे देश में चर्चा का विषय बनी हुई है। इस दौरान दिल्ली के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा व रविंदर इन्द्रराज सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना के पावन घाटों पर जब श्रद्धालु माताएं और बहनें अर्घ्य अर्पित कर रही थीं, तो ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरी दिल्ली आस्था, अनुशासन और भक्ति के प्रकाश में स्नान कर रही हो। इस अवसर पर छठ व्रतियों ने दिल्ली सरकार द्वारा किए गए प्रबंधों पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कई वर्षों बाद यमुना का जल इतना निर्मल दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल पूजा नहीं, बल्कि उस नई दिल्ली का प्रतीक है जो संस्कृति और स्वच्छता, श्रद्धा और सेवा के संगम पर खड़ी है। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल से आए भाइयों और बहनों के चेहरों पर मुस्कान ही उनके लिए सबसे बड़ा आशीर्वाद है। वहीं उनकी सरकार की सच्ची सफलता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके आशीर्वाद और जनता के विश्वास से ही यह सब संभव हो सका है।
