Chaitra Navratri Dream Signs : नवरात्रि के दौरान दिखें ये 5 सपने तो समझिए शुरू होने वाला है अच्छा समय

punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 10:23 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Chaitra Navratri Dream Signs : हिंदू धर्म में चैत्र नवरात्रि का समय केवल व्रत और उपवास का ही नहीं, बल्कि शक्ति की उपासना और आत्मिक शुद्धि का महापर्व होता है। चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से शुरू होने वाली यह नौ रातें सकारात्मक ऊर्जा से भरी होती हैं। मान्यता है कि इन पवित्र दिनों में आदिशक्ति मां दुर्गा पृथ्वी पर विचरण करती हैं और अपने भक्तों को किसी न किसी रूप में संकेत देती हैं। स्वप्न शास्त्र के अनुसार, नवरात्रि के दौरान आने वाले सपनों का विशेष अर्थ होता है। यदि इन नौ दिनों में आपको कुछ खास चीजें दिखाई दें, तो यह साधारण स्वप्न नहीं बल्कि आने वाले स्वर्ण काल  का संकेत होते हैं। आइए जानते हैं उन 5 शुभ सपनों के बारे में जो बताते हैं कि माता रानी की कृपा आप पर बरसने वाली है।

Navratri Dream Signs

सपने में मां दुर्गा के दर्शन या उनकी मूर्ति देखना
नवरात्रि के दौरान यदि आपको स्वप्न में साक्षात मां दुर्गा के दर्शन होते हैं, या आप उनकी प्रतिमा देखते हैं, तो यह सबसे उत्तम संकेत माना जाता है। इसका अर्थ है कि आपके जीवन से बड़ी विपत्ति टलने वाली है। यदि आप लंबे समय से किसी बीमारी से जूझ रहे हैं या मानसिक तनाव में हैं, तो आपको उससे शीघ्र मुक्ति मिलेगी। यह सपना करियर में बड़ी सफलता और समाज में मान-सम्मान बढ़ने का प्रतीक है। मां का मुस्कुराता हुआ चेहरा देखना साक्षात सौभाग्य के आगमन की सूचना है।

 सपने में कन्या को भोजन कराते हुए देखना
नवरात्रि में कन्या पूजन का विशेष महत्व है। यदि आप सपने में खुद को छोटी कन्याओं को भोजन कराते हुए या उन्हें उपहार देते हुए देखते हैं, तो यह अत्यंत शुभ है। कन्या को साक्षात मां दुर्गा का रूप माना जाता है। सपने में कन्या का दिखना इस बात का सूचक है कि आपके घर में सुख-समृद्धि और धन का आगमन होने वाला है।  यदि आपका धन कहीं फंसा हुआ है, तो वह वापस मिल सकता है। व्यापारियों के लिए यह सपना व्यापार में भारी मुनाफे का संकेत देता है।

 सुहाग सामग्री या लाल रंग की साड़ी देखना
यदि सपने में आपको लाल रंग की साड़ी, चूड़ियां, सिंदूर या बिंदी जैसी सुहाग की सामग्री दिखाई देती है, तो इसे देवी की विशेष कृपा समझें। विवाहित महिलाओं के लिए यह सुखी वैवाहिक जीवन और पति की लंबी आयु का संकेत है। वहीं, अविवाहितों के लिए यह शीघ्र विवाह के योग बनने की सूचना देता है।लाल रंग ऊर्जा और शक्ति का प्रतीक है। यह सपना बताता है कि आपके पारिवारिक कलह समाप्त होंगे और घर में मांगलिक कार्य (जैसे मुंडन, शादी या गृह प्रवेश) होने के योग बनेंगे।

Navratri Dream Signs

 जलता हुआ दीपक या ज्योति देखना
नवरात्रि में अखंड ज्योति का बड़ा महत्व है। यदि आप सपने में मंदिर के भीतर या अपने घर में प्रज्वलित दीपक देखते हैं, तो यह अंधकार के मिटने का प्रतीक है। दीपक का दिखना ज्ञान और प्रकाश का सूचक है। यह बताता है कि आपके भीतर की नकारात्मकता और शत्रु बाधा दूर होने वाली है। अगर आप किसी कानूनी मामले या विवाद में फंसे हैं, तो फैसला आपके पक्ष में आने की संभावना बढ़ जाती है। यह सपना आध्यात्मिक उन्नति और एकाग्रता बढ़ने का भी संकेत है।

फल या नारियल का दिखना
सपने में फलों से लदा हुआ पेड़ देखना या विशेष रूप से नारियल और केला देखना बहुत शुभ फलदायी होता है। नारियल को 'श्रीफल' कहा जाता है। सपने में नारियल देखना धन लाभ और संतान प्राप्ति की इच्छा रखने वालों के लिए शुभ समाचार लेकर आता है। यह सपना बताता है कि आपके द्वारा किए गए पुराने निवेश अब फल देने वाले हैं। आपकी आर्थिक स्थिति पहले से कहीं अधिक मजबूत होने वाली है।

Navratri Dream Signs


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News