Chaitra Navratri 2020: देवी कूष्मांडा देती हैं संसार का सबसे बड़ा सुख

Saturday, Mar 28, 2020 - 07:55 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

देवी दुर्गा के चौथे स्वरूप में नवरात्र पर्व पर देवी कूष्मांडा की आराधना का विधान है। इनकी आराधना से भक्तों को तेज, ज्ञान, प्रेम, उर्जा, वर्चस्व, आयु, यश, बल, आरोग्य  और संतान का सुख प्राप्त होता है। देवी कूष्मांडा वो देवी हैं जिन्होंने अपनी मंद फूलों सी मुस्कान से सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड को अपने गर्भ में उत्पन्न किया है। शास्त्रों में ऐसा वर्णन है की जब जगत अस्तित्व विहीन था, तब देवी कूष्मांडा ने ब्रह्माण्ड की संरचना की थी। 

अतः कूष्मांडा ही सृष्टि की आदि-स्वरूपा देवी हैं। इनके स्वरूप को “प्रज्वलित प्रभाकर” कहा गया है अर्थात चमकते हुए सूर्य जैसे। इनका तेज इतना प्रकाशमय है जैसे दसों दिशाएं प्रज्वलित हो रही हैं। ब्रह्मांड की सभी वस्तुओं और प्राणियों में अवस्थित तेज इन्हीं की छाया है।  

शास्त्रों में इनको अष्टभुजा देवी के नाम से व्याख्यान आता हैं। इनके हाथों में कमल, कमंडल, अमृतपूर्ण कलश, धनुष, बाण, चक्र, गदा और जापमाला है। मां कूष्मांडा सर्व जगत को सभी सिद्धियों और निधियों को प्रदान करने वाली अधिष्टात्री देवी हैं। देवी कुष्मांडा की साधना पूर्वमुखी होकर तथा लाल रंग के आसन पर बैठकर सुबह 6 बजे से 7 बजे के बीच में करें। हाथ में जल अक्षत फूल व रोली लेकर संकल्प करें तत्पश्चात हाथ जोड़कर देवी का ध्यान करें।  

ध्यान: कुत्सित: कूष्मा कूष्मा-त्रिविधतापयुत: संसार:। स अण्डे मांसपेश्यामुदररूपायां यस्या: सा कूष्मांडा॥ 

शुद्ध घी में रोली मिलाकर देवी के चित्र पर दीपक करें। देवी पर लाल रंग के फूल चढ़ाएं। कुमकुम से तिलक करें तथा इन्हें सूजी से बने हलवे का भोग अर्पित करें। श्रृंगार में इन्हें रक्त चंदन अर्पित करें। देवी का पूजन करने उपरांत देवी पर कूष्मांड अर्थात कोहड़ा (साबुत पेठा) चढ़ाएं तत्पश्चात लाल चंदन की माला से देवी के इस मंत्र का जाप करें। इस मंत्र से निसंतान को संतान सुख की प्राप्ति होती है। संसार का सबसे बड़ा सुख माता-पिता बनने का देवी कूष्मांडा के आशीर्वाद से ही संभव है। 

मंत्र: ह्रीं क्लीं श्रीं कूष्मांडा देव्यै नमोस्तुते।। 

 

 

 

Niyati Bhandari

Advertising