Budget 2026 : सरकार के ऐलान से खिले चेहरे, पर्यटन स्थलों पर 10,000 गाइड, संत समाज खुश
punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 01:45 PM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Budget 2026 : फरवरी की शुरुआत में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने कार्यकाल का नौवां केंद्रीय बजट पेश किया, जिसमें कृषि, शिक्षा, रोजगार और पर्यटन को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इस बजट में देश के 20 प्रमुख पर्यटन स्थलों पर 10,000 प्रशिक्षित गाइड की नियुक्ति की घोषणा की गई है। इस फैसले का संत समाज और अयोध्या में कार्यरत टूर गाइडों ने खुले दिल से स्वागत किया है।
संतों का कहना है कि भारत जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध देश में, जहां 12 ज्योतिर्लिंग, 51 शक्तिपीठ और हजारों प्राचीन मंदिर मौजूद हैं, वहां प्रशिक्षित गाइडों की तैनाती से पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। इससे न केवल देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय युवाओं को भी रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।

बजट को बताया जनहितैषी
साकेत भवन मंदिर के महंत सीताराम दास ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह आम जनता के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। खासतौर पर युवाओं और किसानों के लिए यह बजट लाभकारी साबित होगा। उन्होंने कहा कि भारत अब विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और ऐसे में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 10,000 गाइडों की नियुक्ति एक सराहनीय कदम है।
हर वर्ग का रखा गया ध्यान
एक अन्य संत ने भी बजट की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसमें समाज के हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। कैंसर और मधुमेह जैसी गंभीर बीमारियों की दवाइयों को सस्ता करना आम लोगों के लिए बड़ी राहत है। महंगे इलाज के कारण जो लोग परेशान होते थे, उन्हें अब कुछ हद तक राहत मिलेगी। साथ ही गाइडों की नियुक्ति से रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
स्थानीय गाइडों को मिलेगा लाभ
अयोध्या में लंबे समय से काम कर रहे स्थानीय टूर गाइड धर्मेंद्र पांडे ने बताया कि इस निर्णय से उनके जैसे कई लोगों को स्थायी रोजगार मिलेगा। इससे आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सही और प्रमाणिक जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले लोगों को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से परिचित कराना है।

अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
पर्यटन विभाग से जुड़े एक अन्य प्रशिक्षित गाइड ने बताया कि वे पिछले पांच वर्षों से अयोध्या में सेवाएं दे रहे हैं। उनके अनुसार सरकार का यह फैसला भले देर से आया हो, लेकिन बेहद सकारात्मक है। धार्मिक स्थलों पर प्रशिक्षित गाइडों की मौजूदगी से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय लोगों को अधिक रोजगार मिलेगा।
