...जब गीता पढ़ते-पढ़ते रोने लगा ब्राह्मण

Saturday, Sep 28, 2019 - 01:03 PM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
चैतन्य महाप्रभु जगन्नाथपुरी से दक्षिण भारत की यात्रा पर निकले थे। उन्होंने एक स्थान पर देखा कि सरोवर के किनारे एक ब्राह्मण स्नान करके बैठा है और गीता का पाठ कर रहा है। वह पाठ करने में इतना तल्लीन है कि उसे अपने शरीर का भी पता नहीं है। उसके नेत्रों से आंसू की धारा बह रही है। महाप्रभु चुपचाप जाकर उस ब्राह्मण के पीछे खड़े हो गए। पाठ समाप्त करके जब ब्राह्मण ने पुस्तक बंद की तो महाप्रभु ने सम्मुख आकर पूछा, "ब्राह्मण देवता! लगता है कि आप संस्कृत नहीं जानते क्योंकि श्लोकों का उच्चारण शुद्ध नहीं हो रहा था परन्तु गीता का ऐसा कौन-सा अर्थ आप समझते हैं जिसके आनंद में आप इतने विभोर हो रहे थे?"
अपने सम्मुख एक तेजोमय भव्य महापुरुष को देखकर ब्राह्मण ने भूमि पर लेटकर दंडवत किया। वह दोनों हाथ जोड़कर नम्रतापर्वूक बोला, "भगवन! मैं संस्कृत क्या जानूं और गीता के अर्थ का मुझे क्या पता। मुझे पाठ करना आता ही नहीं। मैं तो जब इस ग्रंथ को पढ़ने बैठता हूं, तब मुझे लगता है कि कुरुक्षेत्र के मैदान में दोनों ओर बड़ी भारी सेना सजी खड़ी है। दोनों सेनाओं के बीच में एक रथ खड़ा है। रथ पर अर्जुन दोनों हाथ जोड़े बैठा है और रथ के आगे घोड़ों की रस्सी पकड़े भगवान श्री कृष्ण बैठे हैं।"

भगवान मुख पीछे घुमा कर अर्जुन से कुछ कह रहे हैं, मुझे यह स्पष्टï दिखता है। भगवान और अर्जुन की ओर देख-देख कर मुझे प्रेम से रुलाई आ रही है। गीता और उसके श्लोक तो माध्यम हैं। असल सत्य भाषा नहीं, भक्ति है और इस भक्ति में मैं जितना गहरा उतरता जाता हूं मेरा आनंद बढ़ता जाता है।"

"भैया! तुमने गीता का सच्चा अर्थ जाना है और गीता का ठीक पाठ करना तुम्हें ही आता है।"

यह कह कर महाप्रभु ने उस ब्राह्मïण को अपने हाथों से उठा कर हृदय से लगा लिया।

Jyoti

Advertising