ज्योतिष भविष्यवाणी: अरविंद केजरीवाल का जन्मदिन, समय बहुत कष्टकारी!

Wednesday, Aug 16, 2017 - 05:19 PM (IST)

इंटरनेट से प्राप्त जानकारी के अनुसार आम आदमी पार्टी अर्थात आप राजनीतिक दल के संस्थापक और दिल्ली के मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल जी का जन्म शुक्रवार दिनांक 16.08.17 हरियाणा राज्य के हिसार ज़िले में रात्रि 23:46 से लेकर 23:57 के बीच हुआ बताया जाता है। इनके जन्म के समय पूर्वी क्षितिज पर वृष लग्न उदय हो रहा था। इनके जन्म का चंद्रमा अपनी उच्च राशि वृष में होकर इनके लग्न में गोचर करा रहा था। इनका जन्म कृतिका नक्षत्र के चौथे चरण में हुआ था। अरविंद जी की जन्म राशि व जन्म लग्न एक ही है। अरविंद जी का जन्म संक्रांति काल में हुआ तथा इनकी कुंडली के चौथे भाव में चतुर्ग्रही योग बना, चतुर्ग्रही योग के अंतर्गत चौथे भाव में चार ग्रह सूर्य, बुध गुरु और शुक्र बैठे हैं। 


श्री अरविंद केजरीवाल जी की कुंडली में बना चतुर्ग्रही योग इन्हें राजनीति में लाया व शिखर तक पहुंचाया। इनकी कुंडली का मरकेश मंगल जो की त्रिक भाव (बारहवें और सातवें) का भी स्वामी है वो नीच का होकर इनके पराक्रम भाव में स्थित है इसी कारण इन्हें दु:साहसी भी कह सकते हैं। इनकी कुंडली का योग कारक ग्रह शनि नीच व वक्री होकर बारहवें भाव में स्थित होकर विपरीत राजयोग बना रहा है। यही शनि इनकी खांसी का भी कारण है। इनकी कुंडली का आयुष व लाभेष गुरु अपनी श्रेष्ठ स्थिति चौथे भाव में होकर सम्पूर्ण दृष्टि दशम में डालता है, जिसकी महादशा ने अरविंद जी को राष्ट्रीय नेता बनाया। इनकी कुंडली में नीच राहू और नीच केतू मिलकर विपरीत राजयोग भी बनाते हैं। साथ-साथ यह कुंडली पाषदोष से भी ग्रसित है। 


अरविंद जी वर्तमान में दिल्ली के मुख्यमंत्री होकर भी एक सामाजिक कार्यकर्ता कहलाए जाते हैं। अरविंद जी भारतीय राजस्व सेवा के पूर्व अधिकारी रह चुके हैं व इंडिया अगेन्स्ट करप्शन के मुख्य सदस्य भी रहे हैं। अरविंद जी ने प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देकर भ्रष्टाचार विरोधी अभियान शुरू किया। अरविंद जी ने शुक्रवार दिनांक 03.08.12 को "आप" पार्टी का गठन किया था। पिछले लगभग 18 माह से अरविंद जी की राजनीति पटरी से उतार गई है। पंजाब विधान सभा में अपेक्षा से कम परिणाम व दिल्ली की महानगर निगम के चुनावों में आम आदमी पार्टी की हार के साथ-साथ आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं की गिरि छवि से आम आदमी पार्टी नेशनल पार्टी से दो राज्यों में सिमट सी गई है।


कैसा रहेगा आने वाल साल केजरीवाल जी के लिए: आज दिनांक 16.08.17 को दिल्ली के मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल का जन्मदिवस है और हम इन्हें जन्मदिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। ज्योतिषशास्त्र की गोचर प्रणाली के अनुसार अरविंद जी पर शनिवार दिनांक 09.09.17 राहु इनके तीसरे भाव और केतु इनके नवें में गोचर करेगा। यह गोचर इनके लिए शुभ संदेश लाएगा जो कुछ समय के लिए ही सही पर इनकी राजनीति में साख कायम होगी। परंतु मंगलवार दिनांक 12.09.17 को जैसे ही बृहस्पति इनके छठें घर में आएगा वैसे ही मुसीबतें बढ़ने लगेंगी। स्वास्थ्य के साथ-साथ राजनीति में गिरावट आने के योग हैं। रही सही कसर इन पर आने वाली शनि का ढैया पूरी कर देगी। गुरुवार दिनांक 26.10.17 से शनि की ढैया शुरू होगी। इसी के साथ अरविंद जी की राजनीतिक मुश्किलें और बढ़ेगी।


वर्षफल के फलादेश अनुसार इनकी सोलर रिटर्न चार्ट जो की मुंथा आधारित है वो मिथुन लग्न की बन रही है। पराशरी के वर्षेश्वर तकनीक अनुसार इनके 48वें वर्ष का सत्य सूर्य पुनरागमन का प्रतिफल दिनांक 16.08.17 की रात 2 बजकर 11 मिनट पर होगा जिसके अनुसार मिथुन लग्न में बनी इनके 48 वें जन्मदिन की कुंडली पुनः चतुर्ग्रही योग तीसरे भाव में बन रही है। सूर्य राहु शुक्र और बुध तीसरे भाव सिंह में होकर पराक्रम भाव को ग्रहण लगा रहे हैं। मुंथा स्वामी का बहवें भाव में आना इन्हें दैहिक व मानसिक कष्ट के साथ बदनामी भी देगा। शनि-मंगल की छठे भाव वृश्चिक में युति द्वंद का कारण बनेगी। जिसके कारण इनके अपने ही इनसे अलग हो जाएंगे। परंतु गुरु का दशमेश होकर चौथे भाव में बैठना राहत ज़रूर देगा।


कुल मिलाकर दिनांक 16.08.17 से 15.08.18 तक का समय केजरीवाल जी के लिए कष्टकारी सिद्ध हो सकता है। इसका दुष्प्रभाव आम आदमी पार्टी और उनके नेताओं पर भी आ सकता है। संभवतः पार्टी में अंदरूनी कलह वश बिखराव संभव है।


नोट: यह एक ज्योतिषीय आंकलन है जो की इंटरनेट पर उपलब्ध अप्रामाणिक जन्म विवरण के आधार पर किया गया है।


आचार्य कमल नंदलाल
ईमेल: kamal.nandlal@gmail.com

Advertising