धन के योग बनाता है हथेली का ये चिन्ह

Monday, Jun 22, 2015 - 04:17 PM (IST)

हाथ में हर्षल पर्वत हृदय रेखा और मस्तिष्क रेखा के मध्य में स्थित होता है। शनि अंगुली की सीध में नीचे स्थित होता है। शनि पर्वत के नीचे होने से शनि के गुणों का समावेश होता है। हृदय रेखा व मस्तिष्क रेखा के मध्य में स्थित होने से दिल व दिमाग का संबंध भी होगा। 

यदि हर्षल पर्वत सामान्य विकसित है, तो व्यक्ति की तकनीकी कार्यों से धन अर्जन की संभावनाएं बनती हैं। यदि हर्षल पर्वत विकसित और निर्दोष या शुभ निशान युक्त है तो तेजी से उन्नति करते हैं। खूब धन अर्जन करते हैं। सामान्य चिन्ह युक्त है, तो मशीनरी वाली नौकरी करके खूब धन अर्जन करते हैं।

यदि हर्षल पर्वत विकसित और निर्दोष है, सूर्य रेखा निकल कर सूर्य पर्वत पर जाए तो विख्यात होंगे। प्रसिद्ध वैज्ञानिक, गणितज्ञ, इंजीनियर और शोधप्रिय बनकर खूब धन अर्जन करेंगे। यदि हर्षल का अभाव है तो कठिनाई से धन अर्जन के योग बनते हैं।

यदि हर्षल पर्वत विकसित और निर्दोष है और झुकाव बुध पर्वत पर हो और कोई रेखा निकल कर बुध पर्वत पर जाए तो कुशाग्र बुद्धि वाले व बुद्धि से यश, धन अर्जन करेंगे। झुकाव नेपच्यून पर्वत की ओर हो तो पारिवारिक जीवन से दुखी, कामी और व्यसनी बनकर धन व्यय करेंगे। झुकाव चंद्र पर्वत की ओर हो, तो भोगी, मोह न करने वाला, दुखी और व्यसनी बनकर धन व्यय करेगा। यदि हर्षल पर्वत से कोई दो रेखा निकल कर एक रेखा विवाह रेखा पर, दूसरी मणिबंध पर जाए तो दांपत्य सुख में बाधा आती है।

—राजेश वर्मा

Advertising