550 रुपए में त्रैता कालीन शनि मंदिर में होंगे विशेष दर्शन

Friday, Apr 17, 2015 - 11:41 AM (IST)

मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के ऐंती ग्राम स्थित प्राचीन शनिदेव मंदिर पर आगामी 18 अप्रैल को शनिश्चरी अमावस्या पर एक विशाल मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में मध्यप्रदेश के साथ उत्तरप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, गुजरात, पश्चिमी बंगाल सहित देश के विभिन्न प्रदेशों से श्रद्धालु शनिदेव के दर्शन लिये पहुंचते हैं।  

डिप्टी कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी शनिदेव मंदिर रूपेश उपाध्याय ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन मुरैना द्वारा व्यापक प्रबंध किए हैं। मेले के दौरान 17, 18 अप्रैल को ग्वालियर, मुरैना से विशेष वाहनों की व्यवस्था की जा रही है। वहीं रेलवे स्टेशन ग्वालियर से शनिश्चरा जाने तक के लिए विशेष ट्रेन सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।  
 
उन्होंने बताया कि सामान्य दर्शन मार्ग शनिश्चरा स्टेशन से धर्मशाला फॉरेस्ट चॉकी से होकर रहेगा। रास्ते में सुविधा जनक दूरी पर हेवी व्हीकल, लाइट व्हीकल एवं टू व्हीलर पार्किंग बनाई गई है। उन्होंने बताया कि विशेष / व्हीआईपी दर्शन मार्ग ग्वालियर से शनिश्चरा स्टेशन से बामोर रोड खिरावली से रांसू गांव होकर रहेगा। मुरैना, बामौर होकर विशेष/व्हीआईपी मार्ग बामोर, महटोली, खिरावली, रांसू होकर रहेगा।  
 
उन्होंने बताया कि शनि मंदिर पर स्नान, मुंडन, प्रसाद की व्यवस्था सामान्य मार्ग एवं विशेष दर्शन मार्ग में पृथक-पृथक की गई है, किसी प्रकार की अफरा-तफरी से बचने के लिये व्यवस्थित सुविधाजनक और सुरक्षा के मापदंडों को पूरा करते हुये बेरीकेडिंग की गई है। 
 
मेले के दौरान मजिस्ट्रेटस की देखरेख में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है, मेला परिसर में दो अस्थाई अस्पताल तथा पर्याप्त संख्या में एबुलेंस तैनात रहेंगी।  श्री उपाध्याय ने बताया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए जल एवं छाया विशेष प्रबंधन किए गए हैं। 
 
इस शनिश्चरा अमावस्या पर दक्षिणी मुखी हनुमानजी का महाप्रसाद भी उपलब्ध होगा। इसके लिए पचास रुपए, सौ रुपए के कूपन प्राप्त कर यह महाप्रसाद प्राप्त किया जा सकेगा। मेला परिसर में महाप्रसाद कूपन विभिन्न स्थानों पर उपलब्ध रहेंगे। विशेष दर्शन 550/ रुपए दो व्यक्ति विशेष मार्ग से जाकर कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि ग्राम शनिश्चरा स्थित श्री शनिदेव मंदिर देश का सबसे प्राचीन मंदिर त्रैता कालीन माना जाता है।
Advertising