समाज में अपनी कीमत पहचानें

punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2015 - 08:15 AM (IST)

सर्व शक्तिमते परमात्मने श्री रामाय नम: के पाठ के साथ श्री राम शरणम आश्रम, 17 लिंक रोड द्वारा आयोजित श्री रामायण ज्ञान यज्ञ हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हो गया। इस अवसर पर श्री कृष्ण विज ने सब को आशीर्वाद देते हुए कहा कि हमें समाज में अपनी कीमत पहचाननी होगी जिसने अपनी कीमत पहचान ली उसे अपने आप पर विश्वास आ जाएगा जिसको अपने आप पर विश्वास हो जाएगा उसे गुरु और भगवान पर भी विश्वास हो जाएगा। श्री कृष्ण जी ने कहा कि दिल की बात शब्दों में बयान नहीं की जा सकती है। उन्होंने कहा कि पंजाब केसरी के सी.एम.डी. श्री विजय चोपड़ा से हमारे पारिवारिक संबंध हैं। श्री कृष्ण जी ने परमात्मा से प्रार्थना करते हुए श्री विजय चोपड़ा की लम्बी उम्र की कामना की कि जिस तरह श्री चोपड़ा समाज में सेवा का कार्य कर रहे हैं उसके लिए परमात्मा उन्हें शक्ति दें। 

 
इस अवसर पर विशेष रूप से पहुंचे श्री विजय चोपड़ा ने श्री कृष्ण विज तथा श्रीमती रेखा विज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूज्य पिता जी भले हमारे बीच आज नहीं हैं लेकिन वह अपना आशीर्वाद तथा प्यार हम लोगों पर बरसा रहे हैं। 
 
उन्होंने कहा कि जो वायदा पिता जी ने किया था वह उन्होंने अंतिम दिन तक निभाया। अब उसी वायदे को श्री कृष्ण विज आगे बढ़ कर निभा रहे हैं। श्री चोपड़ा ने कहा कि पंजाब में उन दिनों कोई संत नहीं आया जब लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल था, तब पिता हंसराज जी ने पंजाब में आकर सबके हाथों को पकड़ा जो कोई भी नहीं कर सकता था। उन्होंने कहा कि धर्म का मतलब है कि हमें ऐसा संत मिले जो हमारे जीवन को परिवर्तित कर सके। उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि आज साधकों में काफी नम्रता आई है, सत्य बोलने की आदत पड़ी है। 
 
इस मौके पर पूज्य पिता हंस राज जी की वीडियो दिखाई गई जिसमें उन्होंने बताया कि रामायण में एक ही बात कही है कि निष्कपट भाव से गुरु व भगवान से आशीर्वाद मांगना चाहिए। उन्होंने द्रौपदी द्वारा भीष्म पितामह से, भीलनी द्वारा अपने गुरु से, हनुमान जी द्वारा सीता मां से आशीर्वाद मांगने के बारे में बताया। सभा के अंत में पुलिस प्रशासन व नगर निगम सहित रामायण ज्ञान यज्ञ में सहयोग करने वालों का श्री कृष्ण विज ने आभार व्यक्त किया।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News