April 2022 Planet Prediction: अप्रैल में होगी बड़ी ज्योतिषीय हलचल !

Thursday, Mar 31, 2022 - 08:55 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

April 2022 Planet Prediction: अप्रैल का महीना ज्योतिष की दृष्टि से साल 2022 का सबसे महत्वपूर्ण महीना साबित होने वाला है। कई दशकों के बाद सबसे बड़ी ज्योतिषीय हलचल होने जा रही है, जब सभी नौ ग्रह एक ही महीने के भीतर अपना राशि परिवर्तन करेंगे और सभी राशियों कि जिंदगी के साथ-साथ देश-दुनिया को भी प्रभावित करेंगे। साथ ही इस साल का पहला ग्रहण भी इसी महीने लगेगा।

इस महीने अढ़ाई साल के बाद शनिदेव अपनी राशि बदलेंगे। 13 महीने के बाद देव गुरु बृहस्पति अपनी राशि बदलेंगे और 18 महीने के बाद राहु व केतु भी अपनी राशि बदलेंगे। चार बड़े ग्रहों के राशि परिवर्तन के साथ-साथ बाकी पांच ग्रह भी राशि परिवर्तन करके अपना असर दिखाएंगे। चंद्रमा तो हर अढ़ाई दिन बाद अपनी राशि बदलते हैं लेकिन एक ही महीने में सभी नौ ग्रहों का राशि परिवर्तन होना ज्योतिष के नजरिया से बहुत खास रहने वाला है। महत्वपूर्ण बात यह भी है कि इस महीने कुछ राशियों से शनि की साढ़ेसाती व ढैया समाप्त होगी तो कुछ पर शुरू हो जाएगी।

अप्रैल माह में ग्रहों के राशि परिवर्तन का सिलसिला 7 अप्रैल से शुरू हो जाएगा जब मंगल ग्रह मकर राशि से निकल कर कुंभ राशि में गोचर करेंगे। इसके 1 दिन बाद 08 अप्रैल को बुध मेष राशि में प्रवेश करेंगे। 12 अप्रैल को राहु-केतु अपनी राशि बदलेंगे। राहु मेष राशि में तो केतु तुला राशि में गोचर शुरू करेंगे। 13 अप्रैल को देव गुरु बृहस्पति शनि की मूल त्रिकोण राशि को छोड़कर अपनी मीन राशि में प्रवेश करेंगे। 14 अप्रैल को सूर्य का राशि परिवर्तन होगा तथा 27 अप्रैल को शुक्र ग्रह अपनी उच्च मीन राशि में आ जाएंगे। 29 अप्रैल को शनि मकर राशि से निकलकर कुंभ राशि में प्रवेश करेंगे। शनि के राशि परिवर्तन से धनु राशि वालों को साढ़ेसाती व मिथुन तथा तुला राशि वालों को शनि की ढैया समाप्त होगी। मीन राशि पर शनि की साढ़ेसाती और कर्क वृश्चिक राशि पर शनि की ढैया शुरू हो जाएगी।

एक ही महीने में सभी ग्रहों का राशि परिवर्तन करना एक बड़े बदलाव को दर्शाता है। इतने बड़े ग्रह परिवर्तन का प्रभाव आगे आने वाले कई महीनों तक दिखेगा। ग्रहों के राजा सूर्य का अपनी उच्च राशि में होना सरकारी व्यवस्था से लाभ या सरकार को लाभ दर्शाता है। शिक्षा,अनुसंधान, राजनीति के क्षेत्र में काफी बड़े बदलाव आगे आने वाले समय में देखने को मिलेंगे। राहु और सूर्य की युति 14 मई तक बनी रहेगी, जिससे राजनीति के क्षेत्र में बड़े परिवर्तन होंगे तथा राहु और सूर्य की युति से किसी उच्च स्तरीय राजनेता को अपने पद से इस्तीफा भी देना पड़ सकता है। 

09 ग्रहों का राशि परिवर्तन विश्व में व्यापक बदलाव का प्रतीक बनेगा। एक साथ इतने बड़े पैमाने पर ग्रहों का परिवर्तन यह एक विचित्र खगोलीय घटना साबित होगी। इसके नकारात्मक और सकारात्मक दोनों प्रभाव पूरे विश्व पटल पर देखने को मिलेंगे।

इस महीने 5 अप्रैल को मंगल और शनि की युति एक ही राशि में समान डिग्री में होना ज्योतिष में शुभ नहीं माना जाता।
शनि मंगल के साथ व मंगल के धनिष्ठा नक्षत्र में हैं और मंगल शनि की राशि में उच्च के बैठे हैं अतः दोनों ही ग्रह बलवान स्थिति में है। इसके फस्वरूप कुछ देशों में तनाव और बढ़ सकता है तथा किसी बड़ी दुर्घटना का अंदेशा भी है।  शनि व मंगल की युति मई माह में भी होगी, जो किसी बड़ी प्राकृतिक आपदा की वजह भी बन सकती है। 30 अप्रैल को इस साल का पहला सूर्य ग्रहण भी लगेगा हालांकि यह भारत में दिखाई नहीं देगा लेकिन यूरोपीय देशों में इसका प्रभाव पड़ेगा।



अप्रैल महीने में नौ ग्रहों के राशि परिवर्तन से वैसे तो सभी 12 राशियों प्रभावित होंगी लेकिन 5 राशियों की किस्मत चमकेगी। ऐसी कौन सी पांच भाग्यशाली राशियां हैं, आइए जानें

मेष राशि वालों के लिए ग्रहों का महापरिवर्तन काफी सुखद रहने वाला है। आय के साधनों में वृद्धि होगी। करियर में सफलता मिलेगी। कैरियर में कुछ अच्छे बदलाव भी हो सकते हैं जिससे आपकी पद प्रतिष्ठा बढ़ेगी।

सिंह राशि वालों को भाग्य का पूरा साथ मिलेगा। कारोबार में प्रगति होगी। पैतृक संपत्ति का लाभ मिलेगा। प्रमोशन या इंक्रीमेंट का योग बनेगा लेकिन स्वास्थ्य का ख्याल रखना होगा।

तुला राशि वाले अपनी सोची हुई योजनाएं पूरी कर पाएंगे। वाहन सुख प्राप्त होगा। भौतिक सुखों के साधनों में वृद्धि होगी। भाग्य का साथ मिलेगा। शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े लोगों को खास सफलता मिलेगी।

वृश्चिक राशि वालों पर भी ग्रहों के महा परिवर्तन का शुभ प्रभाव देखने को मिलेगा। आपके संपर्क क्षेत्र में वृद्धि होगी। आपका अगर पैसा कहीं फंसा हुआ है तो वापस मिल सकता है। कारोबार का भी विस्तार होगा। धर्म-कर्म में रुचि बढ़ेगी।

मीन राशि वालों के किस्मत के दरवाजे खुलेंगे। अधिकारी आप पर मेहरबान रहेंगे। जो लोग नौकरी के लिए प्रयास कर रहे हैं, उन्हें सफलता मिलेगी। विदेश जाने की इच्छा भी पूरी हो सकती है।

गुरमीत बेदी  
gurmitbedi@gmail.com

Niyati Bhandari

Advertising