अमरनाथ यात्रा 2026 : छड़ी मुबारक की शंकराचार्य मंदिर में हुई पूजा-अर्चना
punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 10:27 AM (IST)
श्रीनगर/जम्मू (कमल): हरियाली अमावस्या (श्रावण अमावस्या) पर बुधवार को भगवान शिव की पवित्र छड़ी मुबारक को श्रीनगर के डलगेट इलाके में स्थित शंकराचार्य मंदिर में ले जाया गया।
महंत दीपेंद्र गिरि और साधु-संतों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच छड़ी मुबारक की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। जम्मू-कश्मीर और पूरे देश की शांति और समृद्धि के लिए सामूहिक प्रार्थना भी की गई।
श्रीनगर की गोपाद्रि पहाड़ियों पर स्थित ऐतिहासिक शंकराचार्य मंदिर के बारे में प्रचलित है कि यह मंदिर मूल रूप से राजा संदिमान ने बनवाया था। यह मंदिर पहले ज्येष्ठेश्वर या ज्योतेश्वर मंदिर के नाम से जाना जाता था लेकिन आदि गुरु शंकराचार्य के यहां आने के बाद, अब इसे शंकराचार्य मंदिर के नाम से जाना जाता है।
महंत दीपेंद्र गिरि ने बताया कि अब 13 अगस्त को देवी के दर्शन के लिए छड़ी-मुबारक को यहां हरि पर्वत किले में स्थित ‘शारिका-भवानी’ मंदिर ले जाया जाएगा। 22 अगस्त को श्रीनगर से पहलगाम के लिए पवित्र छड़ी मुबारक की यात्रा शुरू हो जाएगी और 28 अगस्त को अमरनाथ गुफा पहुंचेगी जहां श्रावण पूर्णिमा के दिन अंतिम पूजा की जाएगी।
