4 अरब लोगों को भोजन देने की अक्षय पात्र की उपलब्धि का संयुक्त राष्ट्र ने मनाया उत्सव

Thursday, Apr 04, 2024 - 07:26 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

संयुक्त राष्ट्र (वार्ता): अक्षय पात्र फाऊंडेशन की 4 अरब लोगों को भोजन कराने की ऐतिहासिक उपलब्धि की संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में सराहना की गई और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में भारत के सक्रिय कदमों का उल्लेख किया गया। अक्षय पात्र की भारत में 72 रसोइयां हैं जो पिछले 24 वर्षों से 24,000 स्कूलों में प्रतिदिन 21 लाख बच्चों को खाना खिलाती हैं।

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने मंगलवार को एक विशेष कार्यक्रम ‘खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियां : सतत विकास लक्ष्यों (एस.डी.जी.) की ओर भारत के कदम’ की मेजबानी की जिसमें खाद्य सुरक्षा और पोषण के संबंध में देश की नवीन रणनीतियों, नीतियों एवं उपलब्धियों और उनके एस.डी.जी., विशेष रूप से शून्य भुखमरी के लक्ष्य के अनुकूल होने का उल्लेख किया गया। 

 इस कार्यक्रम में इंफोसिस के संस्थापक एन.आर. नारायण मूर्ति, नोबेल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी और द अक्षय पात्र फाऊंडेशन के अध्यक्ष मधु पंडित दास ने भारतीय एन.जी.ओ. द्वारा अब तक 4 अरब लोगों को भोजन कराने की उपलब्धि अर्जित करने का उत्सव मनाया। 

इस अवसर के लिए विशेष रूप से भेजे गए एक संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4 अरब लोगों को भोजन परोसने की ‘उल्लेखनीय उपलब्धि’ पर द अक्षय पात्र फाऊंडेशन की पूरी टीम को बधाई दी और इसे अत्यंत गर्व और खुशी की बात बताया। यह संदेश संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि राजदूत रुचिरा कंबोज ने पढ़ा। 

मोदी ने इस संदेश में कहा, ‘यह उपलब्धि भुखमरी मिटाने और मनुष्यों को पोषण प्रदान करने की अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है। इस उपलब्धि के महत्व को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में भोजन परोसकर और उजागर किया गया है जो वैश्विक कल्याण के प्रति जुनून को दर्शाता है।”
 

Prachi Sharma

Advertising