खेल रत्न के लिए कोहली को करना होगा इंतजार!

Wednesday, May 25, 2016 - 06:59 PM (IST)

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड(बीसीसीआई) ने टीम इंडिया के टेस्ट कप्तान और मौजूदा समय के सबसे लोकप्रिय बल्लेबाज विराट कोहली का नाम देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न के लिए नामित किया था तो यही माना जाने लगा था कि वह इस साल खेल रत्न बन जाएंगे लेकिन खेल मंत्रालय के ताजा निर्देश के बाद विराट को अब रियो ओलंपिक समाप्त होने का इंतजार करना होगा।  

विराट को करना होगा इंतजार  
केंद्रीय खेल मंत्रालय ने कहा है कि जो भी एथलीट अगस्त में होने वाले रियो ओलंपिक के व्यक्तिगत मुकाबलों में देश के लिए पदक जीतेगा उन्हें इस वर्ष खेल रत्न और अर्जुन पुरस्कार देने पर विचार किया जाएगा। इस फैसले के पीछे अपना तर्क देते हुए मंत्रालय ने कहा कि यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि खिलाडिय़ों को ओलंपिक में पदक जीतने के बाद इन पुरस्कारों के लिए सालभर इंतजार नहीं करना पड़े। मंत्रालय के राजीव गांधी खेल रत्न और अर्जुन पुरस्कारों के लिए ओलंपिक प्रदर्शन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के बाद यह माना जाने लगा है कि विराट को अब ओलंपिक समाप्त होने का इंतजार करना होगा। 

सानिया को मिला था अवार्ड
इससे पहले तक यही माना जा रहा था कि मौजूदा समय के सबसे लोकप्रिय क्रिकेटर विराट को उनके दमदार प्रदर्शन की बदौलत यह पुरस्कार मिल जाएगा। गत वर्ष भी टेनिस स्टार सानिया मिर्जा को उनके प्रदर्शन के कारण ही राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से नवाजा गया था। हालांकि उस समय पैरालंपियन एच एस गिरिशा ने सरकार के सानिया को इस पुरस्कार के लिए चुनने के फैसले को अदालत में चुनौती दी थी। लेकिन मंत्रालय अपने फैसले पर अड़ा रहा था। सानिया जैसा ही इस साल विराट के साथ भी हो सकता था लेकिन ओलंपिक प्रदर्शन का मामला सामने आने के बाद उनके लिए चुनौती खड़ी हो गई है।  

Advertising