अश्विन के कारण मिली लगातार दो श्रृंखलाओं में जीत : कोहली

punjabkesari.in Friday, Nov 27, 2015 - 04:56 PM (IST)

नागपुर: श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका में लगातार दो श्रृंखलाएं जीतने के बाद भारतीय कप्तान विराट कोहली ने आज कहा कि लंबी अवधि के प्रारूप में टीम की हालिया सफलता का कारण स्पिनर रविचंद्रन अश्विन हैं। अश्विन ने आज दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में सात और मैच में 12 विकेट लिए। इससे भारत ने चार मैचों की श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त बनाई। कोहली की अगुवाई में भारत ने इससे पहले श्रीलंका को उसकी सरजमीं पर 2-1 से हराया था। 
 
कोहली ने मैच के बाद कहा, अश्विन विश्वस्तरीय स्पिनर है। उन्होंने हमारी जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है यहां तक श्रीलंका में भी। वह मुख्य कारण थे जिससे हम लगातार दो श्रृंखलाएं जीतने में सफल रहे। वह हमारी तरफ से लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं। यह हमारे लिए खुशी की बात है कि हमारे पास अश्विन जैसा खिलाड़ी है। अश्विन, रविंद्र जडेजा और अमित मिश्रा ने स्पिनरों की मददगार पिच पर सभी 20 विकेट हासिल किए और कोहली अपनी स्पिन ब्रिगेड से खुश हैं।  
 
कोहली ने कहा, यही टेस्ट क्रिकेट है। हमें गेंद से संयम बनाए रखने की जरूरत होती है और यह विश्वास रखना होता है कि मौका मिलेगा। मिश्रा ने इस दौरान अपने जज्बे का बहुत अच्छा नमूना पेश किया। श्रृंखला में स्पिनरों की तूती बोल रही है। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News