डिफैंस कैंटीन स्टोर्स, बियानी-अंबानी पर भारी

Thursday, Aug 18, 2016 - 03:19 PM (IST)

मुम्बई: देश में किस रिटेल चेन ने सबसे अधिक लाभ कमाया है? इसका जवाब है डिफैंस कैंटीन स्टोर्स। इसका लाभ किशोर बियानी के फ्यूचर रिटेल और मुकेश अंबानी के रिलायंस रिटेल सहित सभी बड़ी रिटेल चेन्स से ज्यादा है। कैंटीन स्टोर्स डिपार्टमैंट (सी.एस.डी.) गैर-लाभकारी संगठन है। राइट टू इन्फॉर्मेशन (आर.टी.आई.) आवेदन के जवाब अनुसार 2014-15 में सी.एस.डी. का लाभ 236 करोड़ रुपए रहा। इसके मुकाबले में डी-मार्ट स्टोर्स चलाने वाली अवेन्यू सुपरमार्ट का लाभ 211 करोड़ रुपए, फ्यूचर रिटेल का 153 करोड़ रुपए और रिलायंस रिटेल का 159 करोड़ रुपए था।


बिक्री के लिहाज से भी प्रदर्शन अच्छा
बिक्री के लिहाज से भी सी.एस.डी. का प्रदर्शन अच्छा रहा। इसने 13,709 करोड़ रुपए की बिक्री की, जो केवल फ्यूचर ग्रुप और रिलायंस रिटेल से कम है। सी.एस.डी. के रिटेल आऊटलैट्स बिस्किट से लेकर बीयर और शैम्पू से लेकर कार तक लगभग 5,300 उत्पाद बेचते हैं। इनके 1.2 करोड़ ग्राहक हैं। इनमें सेना, नौसेना और वायु सेना के कर्मी, पूर्व सैन्यकर्मी और उनके परिवार शामिल हैं। इसके आपूर्तिकर्त्ताओं की संख्या 600 से अधिक है।

सबसे कम परिचालन मार्जिन

सी.एस.डी. के वैंडर्स अन्य रिटेल स्टोर्स के मुकाबले कुछ अधिक छूट देते हैं लेकिन सी.एस.डी. में बहुत कम कीमत पर उत्पादों को बेचने का एक बड़ा कारण सरकार की ओर से करों में भारी छूट है। सी.एस.डी. की वैबसाइट पर बताया गया है कि उसका परिचालन मार्जिन 1 प्रतिशत है, जो दुनिया में किसी भी रिटेलर के लिए सबसे कम है।

Advertising