दिन-दिहाड़े युवक की गोलियां मारकर हत्या, सहमे लोग

punjabkesari.in Friday, Jun 08, 2018 - 09:14 AM (IST)

नयागांव (मुनीष): जनता कालोनी में दिन-दिहाड़े बाइक सवार नकाबपोशों ने गोलियां मारकर युवक की हत्या कर दी। मृतक 25 वर्षीय सौरभ ऊर्फ मैडी जनता कालोनी में एक पेड़ के नीचे ताश खेल रहा था कि बाइक पर आए आरोपियों ने गोलियां चला दीं। मैडी को 2 गोलियां एक छाती और एक टांग पर लगी। 

 

लोगों ने मैडी को पी.जी.आई. पहुंचाया, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटनास्थल से 4 गालियों के खोल और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए। वहीं, पुलिस ने आकाश सहित अन्य सात लोगों पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने आकाश और नोनी के घर भी दबिश दी लेकिन वे नहीं मिले।   

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मैडी अपने दोस्तों के साथ दोपहर बाद एक पेड़ के नीचे ताश खेल रहा था कि उसी दौरान कुछ युवक बाइक पर आए और उन्होंने मैडी पर फायरिंग शुरू कर दी। मैडी ने वहां से भागने की कोशिश की पर रास्ता तंग होने के कारण उसे 2 गोलियां लग गईं और वह वहीं पर गिर गया और आरोपी बाइक पर चंडीगढ़ की तरफ फरार हो गए।  

 

वारदात से सहमे लोग 
जनता कालोनी में युवक की दिन-दिहाड़े गोली मारने से हत्या के बाद लोग सहमे हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों को दबोचने के लिए नयागांव को सील कर दिया लेकिन आरोपी गिरफ्त में नहीं आए। पुलिस देर रात तक नयागांव में प्रवेश करने वालों की चैकिंग करती रही।

 

रंजिश में हुई हत्या
गोली चलने की सूचना मिलने पर एस.एच.ओ. भगवंत सिंह, डी.एस.पी. आलम विजय, सी.आई. इंचार्ज त्रिलोचन सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के चचेरे भाई विक्की ने बताया कि पुलिसकर्मियों की एक टीम पी.जी.आई. पहुंची और घायल मैडी के बयान दर्ज किए। 

 

इसके बाद उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि अभी तक मामला रंजिश का लग रहा है। मैडी की कई लोगों के साथ लड़ाई हुई थी और उसके खिलाफ कई केस भी दर्ज थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News