योग महोत्सव का आगाज 5000 से अधिक लोग पहुंचे

punjabkesari.in Saturday, Mar 18, 2017 - 11:44 AM (IST)

चंडीगढ़(विजय) : पिछले साल हुए इंटरनैशनल योग डे के आयोजन के बाद एक बार फिर चंडीगढ़ पूरी तरह से योग के रंग में रंग गया है। आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशन में शुक्रवार को ब्रह्मषि योग ट्रेङ्क्षनग कॉलेज सैक्टर-19 में पहली बार योग महोत्सव का शानदार आगाज हुआ। यू.टी. के गृह सचिव अनुराग अग्रवाल ने महोत्सव का उद्घाटन किया। उन्होंने महोत्सव में आए सैंकड़ों लोगों को योग के फायदों के बारे में जानकारी दी। 

 

उन्होंने बताया कि योग जीवन जीने की विशेष पद्धति है जिससे हमारे जीवन का विकास होता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को योग को अपने जीवन में अहम स्थान देना चाहिए। इस आयोजन में मुख्य आकर्षण का केन्द्र बनवासी चेतना आश्रम जबलपुर (मध्यप्रदेश) से आए विद्यार्थियों द्वारा योग प्रस्तुति रही। लोगों के सामने ही विद्यार्थियों ने योगासन किए जिन्हें देखकर युवा वर्ग काफी प्रभावित हुआ। योग महोत्सव 19 मार्च तक चलेगा। पहले दिन 5000 से अधिक लोगों ने महोत्सव के दौरान शिरकत की। इस अवसर पर लगभग 30 प्रदर्शनियां भी लगाई गई। जिसमें भारत के कोने-कोने से लोगों ने भाग लिया। इस तरह का आयोजन चंडीगढ़ में पहली बार किया गया। 

 

विशिष्ट अतिथियों की सूची में ये हुए शामिल :
योग महोत्सव को सफल बनाने के लिए केवल चंडीगढ़ से ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों से भी कई हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। इनमें प्रैजीडैंट अंतर्राष्ट्रीय ब्रह्मर्षि मिशन ब्रह्मवादनी स्वामी कृष्णकांता जी महाराज, प्रैजीडैंट कनाडा ब्रह्मर्षि मिशन स्वामी चैतन्य ज्योति, प्रैजीडैंट ब्रह्मर्षि योग ट्रेनिंग कालेज सैक्टर-19 स्वामी डॉ. मनीषा, चीफ आर्गेनाइजिंग सैक्रेटरी योग फैस्ट डॉ. दिनेश ब्रह्मचारी, चंडीगढ़ की मेयर आशा जसवाल, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष संजय टंडन, पूर्व मेयर और पार्षद राजबाला मलिक, आर्ट ऑफ लीविंग के पद्म श्री स्वामी भरत भूषण, स्वामी परमतेज, आई.एन.ओ. के अध्यक्ष डॉ. अनंत बिरादर के नाम शामिल थे। 

 

योग भीतरी प्रकृति की ओर ले जाता है : कृष्णकांता महाराज
ब्रह्मवादनी स्वामी कृष्णकान्ता महाराज ने बताया कि योग हमे बाहरी प्रकृति से भीतरी प्रकृति की ओर ले जाता है। जिससे हमारे वीर्य शक्ति की रक्षा होती है और स्त्री एवं पुरुष तेजवान और ऐश्वर्यवान बनते है। यह योग का वैज्ञानिक प्रभाव है। स्वामी चैतन्य ज्योति ने बताया कि मानव जीवन में योग विश्व शांति के लिए आवश्यक है। अन्त में डॉ. रोमा बाजाज (महाराष्ट्र) द्वारा योग थैरेपी की डैमोंस्ट्रेशन दी। इससे पहले डॉ. दिनेश ब्रह्मचारी ने सभी योग गुरुओं और पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली एवं महाराष्ट्र से आए हुए सभी अतिथियों एवं सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News