यशराज फिल्म्स व पी.वी.आर. को फिल्म में जबरा फैन गाना न दिखाने पर नोटिस
punjabkesari.in Saturday, Apr 23, 2016 - 03:24 AM (IST)

चंडीगढ़, (बृजेन्द्र): चंडीगढ़ कंज्यूमर कोर्ट ने शुक्रवार को पी.वी.आर. सिनेमा समेत यशराज फिल्म्स को ‘फैन’ फिल्म में ‘जबरा फैन’ गाना न दिखाने को लेकर दायर याचिका की सुनवाई के बाद नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। दोनों से 27 मई तक जवाब तलब किया गया है। शिकायतकर्त्ता 2 बच्चों ने कहा है कि फिल्म प्रोमोशन के दौरान यह गीत प्रमुखता से दिखाया गया, जबकि फिल्म में इसे नहीं दिखाया गया। इसे अनैतिक व्यापारिक गतिविधियों व सेवा में कोताही बरतने के साथ जोड़कर बताया गया है।
शिकायतकर्त्ताओं की तरफ से वकील पंकज चांदगोठिया ने दंडात्मक नुक्सान के रूप में 19 लाख रुपए की मांग की है। वकील पंकज चांदगोठिया के दोनों बेटों प्रतीक व श्रेयस चांदगोठिया ने अपनी मां संगीता चांदगोठिया व पिता पंकज चांदगोठिया के जरिए यह शिकायत दायर की है। शिकायत में कहा गया है कि भारत में लोग स्टार-के्रजी हैं और फिल्मों को उनकी एडवरटाइजमैंट कंटैंट की स्ट्रैंथ के आधार पर देखते हैं जिसमें इसकी स्टोरीलाइन, स्टार्स, म्यूजिक व गीत शामिल होते हैं।
किसी भी फिल्म की सेल में उसका म्यूजिक व गीत अहम रोल निभाते हैं। फिल्म का शायद इकलौता गीत ‘जबरा फै न’ 16 फरवरी, 2016 को रीलिज हुआ था। इसे फिल्म फैन के एंथम सांग के रूप में पेश किया गया था। फिल्म के विकिपिडिया में भी इस गीत को फिल्म का हिस्सा बताया गया था। शिकायतकर्त्ता फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। शाहरुख खान के फैं स होने के अलावा शिकायतकर्त्ता बच्चे जबरा फैन गीत के भी इंतजार में थे।
16 अप्रैल, 2016 को शिकायतकर्त्ताओं ने पी.वी.आर. सिनेमा एलांते मॉल में प्रीमियम सोफा चेयर की टिकट्स ली थी। पूरी फिल्म के दौरान जबरा फैन गीत नहीं आया। शिकायतकर्त्ताओं की तरह ही बाकी आम लोगों को भी पूरी फिल्म में यह गीत न दिखाए जाने को लेकर धक्का लगा। इसे अनैतिक व्यापारिक गतिविधियों व सेवा में कोताही के साथ जोड़कर बताया गया है।