नॉन टीचिंग कर्मियों को छुट्टी वाले दिन भी करना पड़ रहा काम, नहीं मिलता ओवरटाइम

Wednesday, Nov 22, 2017 - 01:51 AM (IST)

चंडीगढ़, (रश्मि हंस): पंजाब यूनिवर्सिटी के डेली वेजिस, कांट्रैक्ट पर कार्यरत कर्मचरियों को शनिवार और रविवार की छुट्टी में भी काम करना पड़ रहा है। इससे उनमें भारी गुस्सा है। कर्मचारियों के मुताबिक पी.यू. प्रबंधन ने सर्कुलर जारी किया है कि जब कभी काम ज्यादा होगा तो उन्हें पी.यू. कैंपस बुला लिया जाएगा। लेकिन पी.यू. प्रबंधन की तरफ से अब हर शनिवार को कर्मियों को काम पडऩे पर बुलाया जा रहा है। पी.यू. प्रबंधन ने गत 10 नवंबर को सर्कुलर जारी किया है, जिसके तहत डेली वेजर, टैम्परेरी, कांट्रैक्ट कर्मियों को काम होने पर गजटिड हॉलीडे वाले दिन ड्यूटी पर बुलाया जा सकता है। इस दिन काम का कोई ओवरटाईम नहीं मिलेगा। यह सर्कुलर  पी.यू. के सभी ब्रांच, रीजनल सैंटर, पी.यू. लाईब्रेरी एक्सटैंशन, लुधियाना, हॉली-डे होम के लिए जारी किया गया है।

कई साल से पद खाली

पी.यू. में कांट्रैक्ट व अन्य पद खाली होने से  काम प्रभावित होता है। कम कर्मचारी के होने पर डेली वेजर और काट्रैंक्ट पर काम करने वाले कर्मचारियों को दोगुना काम करना पड़ता है। पी.यू. में बेलदार, प्लंबर, कारपेंटर, एग्जामिनेशन ब्रांच में काम करने वाले कर्मचारियों को हर शनिवार बुलाया जा रहा है। इन्हें कभी-कभी रविवार को भी  बुला लिया जाता है।

कर्मचारियों का यह है कहना  

पी.यू. में काम करने वाले डेली वेजर और कर्मचारियों के मुताबिक हमें वेतन डेलीवेज का मिलता है लेकिन काम दोगुना ले लिया जाता है। कांट्रैक्ट पर होने से हम आवाज भी नहीं उठा सकते है। अगर आवाज उठाते भी हैं तो नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। कर्मचारियों के मुताबिक पी.यू. के रैगुलर कर्मचारियों को ओवर टाईम भी मिलता है।

Advertising