चंडीगढ़ में प्रचंड ठंड, 34 साल का टूटा रिकॉर्ड

Friday, Dec 27, 2019 - 09:30 AM (IST)

चंडीगढ़(पाल) : पिछले कई वर्षों के मुकाबले इस बार नॉर्थ में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। क्रिसमस को जहां इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा, वहीं वीरवार को पारा उससे भी कम हो गया। न्यूनतम 6.5 डिग्री व अधिकतम तापमान 8.8 डिग्री सैल्सियस रहा जो कि बुधवार को 6.9 और 9.0 डिग्री सैल्सियस था। पिछले 34 वर्षों में ऐसा पहली बार हुआ है कि अधिकतम तापमान 8.8 डिग्री दर्ज किया गया हो। 

चंडीगढ़ मौसम केंद्र 1984 से तापमान का डाटा रिकॉर्ड कर रहा है, जिसके हिसाब से पहली बार अधिकतम पारा इतना कम दर्ज किया गया है। केंद्र के मुताबिक आने वालों कुछ दिनों में न्यूनतम व अधिकतम पारा ओर नीचे जाने की संभावना है। 

अभी धूप निकलने के कोई आसार नहीं :
केंद्र के अनुसार अगले कुछ दिनों तक धूप निकलने के कोई आसार नहीं हैं। ऐसे में ठंड और ज्यादा बढ़ेगी। वहीं, 31 दिसम्बर को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में बारिश की संभावना है, जिससे कोहरा बेशककम हो सकता है लेकिन ठंड कम नहीं होगी। यह और भी जोर पकड़ेगी। 

दरअसल हिमालय की ओर से एक वैस्टर्न डिस्टर्बैंस एक्टिव हो रहा है, जो 30 तारीख तक यहां पहुंचेगा। इसके कारण बारिश होने के आसार हैं। कश्मीर समेत पूरे उत्तर भारत में इस वक्त जबरदस्त ठंड पड़ रही है। केंद्र का मानना है कि उत्तर भारत में  आने वाले दिनों में कोहरा छाया रहेगा। 

कल का रिकॉर्ड टूटा :
इससे पहले क्रिसमस की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही थी। न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सैल्सियस पहुंचा था। पिछले साल 27 दिसम्बर को न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सैल्सियस था। पिछले साल अधिकतम तापमान 13 दिसम्बर को 16.3 डिग्री रहा था। इससे पहले वर्ष 2014 में अधिकतम तापमान 9.0 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया था। यानि 6 साल बाद अधिकतम तापमान सबसे कम दर्ज हुआ। 


 

Priyanka rana

Advertising