पार्किंग शुल्क बढ़ाने का विरोध, ठेकेदारों की सजा जनता को क्यों
punjabkesari.in Friday, Feb 04, 2022 - 04:37 PM (IST)

चंडीगढ़, (राय): भाजपा शासित नगर निगम द्वारा शहरवासियों पर फिर से अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढऩे वाला फैसले का युवा कांग्रेस ने विरोध किया है। दरअसल अब नगर निगम ने पार्किंग शुल्क को पहली फरवरी से बढ़ा दिया है। युवा कांग्रेस ने इस मसले पर सत्ता पक्ष बीजेपी को घेरा है। युवा नेता सुनील यादव और महासचिव विनायक बंगिया ने सवाल किया है कि अब कथित स्मार्ट पार्किंग की सुविधाएं कहां गईं?
भाजपा पार्षदों और सांसद ने दो वर्ष पहले स्मार्ट पार्किंग के लुभावने सपने दिखा कर निगम सदन बैठक में एजैंडा पारित कराया था। अब हाल यह है कि शहर में जोन 1 और 2 में विभाजित पेड पार्किंग का संचालन कर रही कंपनियां ब्लैक लिस्ट होने की कगार पर है। शहरवासियों को स्मार्ट पार्किंग सुविधा मिली नही। बल्कि 20 प्रतिशत के हिसाब से पैसे भी चार्ज किए जाने लगे हैं।