जहां जरूरी हो वहां बनाए जाएं अंडरपास : खेर

Friday, Feb 24, 2017 - 12:45 AM (IST)

चंडीगढ़, (राय): चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर ने प्रशासक के सलाहकार परिमल राय को पत्र लिखकर शहर में सैक्टर-11/15 की तर्ज पर अंडरपास बनाने की मांग की है। खेर ने पत्र में कहा कि शहर में लगातार बढ़ती वाहनों की संख्या से ट्रैफिक जाम से निजात पाने के लिए लोगों द्वारा दो मुख्य सड़कों के बीच अंडरपास के निर्माण की मांग उचित है। प्रशासन इसे प्राथमिकता के तौर पर लेते हुए इस मांग की समीक्षा करे और अंडरपास निर्माण की संभावना के बारे उन्हें बताएं।

 खेर ने कहा कि पीक ऑवर में शहर के सभी राऊंड-अबाऊंट्स पर ट्रैफिक जाम हो जाता है। इसका कारण प्रशासन द्वारा इंटर कनैक्टेड रोड बंद कर डिवाइडर बनाना है, जिस कारण लोग राऊंड-अबाउट्स से घूम कर आने को मजबूर हैं। खेर ने पत्र में कहा कि शहर में जहां भी 2 सैक्टरों को जोडऩे वाले जंक्शन बंद किए हैं, वहां सैक्टर-11-15 की तर्ज पर अंडरपास का निर्माण किया जाए।

इससे गोल चक्करों पर जहां यातायात कम होगा, वहीं दुर्घटनाएं भी कम होंगी। इससे लोगों को साथ वाले सैक्टर में प्रवेश करना जहां आसान होगा, वहीं समय की भी बचत होगी और गोल चक्करों पर ट्रैफिक नियंत्रण के लिए पुलिस की जरूरत भी नहीं होगी।

Advertising