हरियाणा के 3 जिलों पंचकूला, अंबाला व यमुनानगर के कॉलेजों को पी.यू. से संबद्धता का देना चाहिए विकल्प : राज्यपाल

punjabkesari.in Monday, Jun 05, 2023 - 06:25 PM (IST)

चंडीगढ़,(बंसल): पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित की अध्यक्षता में सोमवार को पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ के विभिन्न विषयों को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ बैठक हुई। इसमें हरियाणा के कॉलेजों की पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ से संबद्धता के विषय पर विस्तार से चर्चा हुई। इससे संबंधित अगले दौर की बैठक 3 जुलाई सुबह 11 बजे होगी। बनवारी लाल पुरोहित ने कहा कि भारत की संस्कृति शिक्षा का प्रचार-प्रसार करने की रही है। तक्षशिला और नालंदा विश्वविद्यालय में विश्वभर से लोग शिक्षा ग्रहण करने आते थे। इसलिए बच्चों को शिक्षा के अवसर देना एक सकारात्मक सोच है। इसलिए पंजाब विश्वविद्यालय से हरियाणा के कॉलेजों को संबद्धता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा के 3 जिलों पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर के कॉलेजों को पंजाब विश्वविद्यालय से संबद्धता का विकल्प देना चाहिए।  
 

 

 

 

मोहाली और रोपड़ के कॉलेजों को भी संबद्धता दी जानी चाहिए: मनोहर लाल
बैठक में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि छात्रों के हितों के लिए राज्य के कॉलेजों को पंजाब विश्वविद्यालय से संबद्धता का विकल्प दिया जाना चाहिए। दोनों राज्य मैत्रीपूर्ण तरीके से आगे बढ़ेंगे। मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा के 3 जिलों पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर के कॉलेजों के साथ-साथ पंजाब के मोहाली और रोपड़ जिले के कॉलेजों को भी पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ से संबद्धता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली यूनिवर्सिटी अपना कैंपस हरियाणा में बना रही है। इसके अलावा आई.आई.टी. दिल्ली का कैंपस भी हरियाणा में बन रहा है। शिक्षा का विस्तार करने से बच्चों को कई अवसर मिलेंगे। कॉलेज के एफिलिएशन से हरियाणा के छात्रों को नए अवसर मिलेंगे। बैठक में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान हरियाणा के युवाओं और शिक्षा के प्रसार के खिलाफ अड़े रहे। उन्होंने कहा कि पी.यू. चंडीगढ़ से हरियाणा के कॉलेजों की संबद्धता के विषय पर पंजाब असमर्थ है। 
 

 

 

 

पंजाब के 40 फीसदी हिस्से के मुकाबले में 7-14 फीसदी ही मिल पाता है बजट
बैठक में पी.यू. में बजट से संबंधित जानकारी देते हुए बताया गया कि यूनिवर्सिटी वर्षों से वित्तीय संकट का सामना कर रही है। विश्वविद्यालय में 60 प्रतिशत हिस्सा चंडीगढ़ और 40 प्रतिशत हिस्सा पंजाब का है। 10 साल में केंद्र की तरफ से विश्वविद्यालय को 200-300 करोड़ रुपए औसतन प्रति वर्ष मिले हैं, जबकि 10 साल में पंजाब से केवल 20-21 करोड़ रुपए औसतन प्रति वर्ष मिले हैं। वर्ष 2020-21 में पंजाब की ओर से 39 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई थी। कुल मिलाकर पंजाब के 40 फीसदी हिस्से के मुकाबले में विश्वविद्यालय को 7-14 फीसदी ही बजट मिल पाता है।
 

 

 

बैठक में यह भी रहे उपस्थित
बैठक में पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस, हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल, राज्यपाल के सलाहकार धर्म पाल, पंजाब के मुख्य सचिव विजय कुमार जंजुआ, चंडीगढ़ के गृह सचिव नितिन यादव, हरियाणा के उच्च शिक्षा विभाग के निदेशक राजीव रतन, पंजाब विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. रेनू विग सहित पंजाब और चंडीगढ़ के उच्च अधिकारी भी उपस्थित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News