घर में शादी की तैयारी, दूल्हा जेल में

Sunday, Oct 09, 2016 - 09:45 AM (IST)

चंडीगढ़, (बृजेन्द्र):1500 रुपए रिश्वत मामले में सैंट्रल ब्यूरो ऑफ इनवैस्टिगेशन (सी.बी.आई.) के हत्थे चढ़े पंजाब अकाऊंटैंट जनरल ऑफिस सैक्टर-17 में अकांऊट ब्रांच में तैनात अकाऊंटैंट गुरदीप सिंह की 11 अक्तूबर को दशहरे वाले दिन शादी है। घर में विवाह की तैयारियां चल रही हैं, लेकिन चिंता इस बात की है कि दूल्हा जेल से बाहर आकर घोड़ी पर बैठ सकेगा कि नहीं, क्योंकि उसे कोर्ट ने अभी जमानत नहीं दी है। शनिवार को भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार किए गए गुरदीप की और से उसके वकील ने जमानत के लिए ड्यूटी मैजिस्ट्रेट की कोर्ट में जमानत अर्जी दायर की है, जिसमें उसने शादी की बात को आधार बनाया है। कोर्ट ने सी.बी.आई. को आरोपी की इस अर्जी पर 10 अक्तूबर के लिए नोटिस कर जवाब तलब किया है कि क्या आरोपी को जमानत देने पर सी.बी.आई. को कोई ऐतराज तो नहीं। अब सी.बी.आई. के जवाब पर निर्भर करेगा कि दूल्हा घोड़ी चढ़ेगा या नहीं।  

शुक्रवार को 1500 रिश्वत लेते सी.बी.आई. ने दबोचा था :
सी.बी.आई. ने  गुरदीप सिंह को शुक्रवार को सैक्टर-17 स्थित उसी के कार्यालय से रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू किया था। आरोपी ने लुधियाना के केसर सिंह की लोन की फाइल आगे सरकाने के लिए 1500 रुपए की रिश्वत मांगी थी। केसर सिंह ने सी.बी.आई. के एंटी करप्शन सैल को इसकी सूचना देकर ट्रैप लगवाया था। शिकायतकत्र्ता भी सरकारी कर्मी है। जमानत अर्जी पर अब सोमवार को सी.बी.आई. का जवाब आने पर सुनवाई होगी। 

Advertising