सीजन का सबसे गर्म दिन रहा बुधवार, पारा पहुंचा 41.3 पर

punjabkesari.in Thursday, May 23, 2019 - 09:08 AM (IST)

चंडीगढ़(पाल) : बुधवार सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। मई में अभी तक दो बार पारा 40 पार गया। दिन भर गर्म हवाएं चलीं, सड़कें सूनी नजर आईं। मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल का कहना है कि जम्मू कश्मीर और आसपास के इलाकों में एक वैस्टर्न डिस्टर्बैंस एक्टिव हो रहा है। इसके चलते बुधवार रात को बौछारें पड़ सकती हैं। 

वीरवार और शुक्रवार को भी बादल छाने और तेज हवाओं के साथ बौछारें पडऩे की उम्मीद है। अगले 24 से 48 घंटों में 36 से 39 डिग्री सैल्सियस के बीच तापमान रहने की संभावना है। बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा था। मंगलवार रात का न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। मौसम शुष्क होने की वजह से हवा में नमी की मात्रा 54 फीसदी रही। 

आज तेज हवाओं के साथ पड़ेंगी बौछारें :
विभाग के अनुसार वीरवार को बादल छा सकते हैं। तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं। दिन का अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सैल्सियस रह सकता है। 

शुक्रवार को भी बादल छा सकते हैं। तेज हवाओं के बीच बौछारें पडऩे के आसार हैं। दिन का अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रह सकता है। शनिवार को आमतौर पर मौसम साफ रहेगा। दिन का अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सैल्सियस रह सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News